📅

हर खबर, सबसे पहले • आस्था • परंपरा • संस्कृति • आपकी खबर

, , ,

प्रधान की कुर्सी पर सियासी घमासान, तीन पंचायत समितियों में जोड़तोड़ का खेल तेज

WhatsAppFacebookXTelegram

भीलवाड़ा। जिला प्रमुख चुनाव के बाद अब जिले की पंचायत समितियों में प्रधान पद को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। शुक्रवार को होने वाले चुनाव से पहले विभिन्न राजनीतिक दल अपने-अपने समीकरण साधने में जुटे हैं। कहीं प्रधान पद के दावेदारों के नामों पर मंथन चल रहा है तो कहीं सदस्यों को एकजुट रखने और समर्थन जुटाने की रणनीति बनाई जा रही है। खासकर तीन पंचायत समितियों में सियासी जोड़तोड़ और संभावित उलटफेर को लेकर चर्चाएं तेज हैं।

जिले की 16 पंचायत समितियों में कुल 288 सदस्य पदों के चुनाव परिणाम सामने आए हैं। इनमें कांग्रेस ने 168 सीटों पर जीत दर्ज कर मजबूत स्थिति बनाई है, जबकि भाजपा को 108 सीटें मिली हैं। निर्दलीय प्रत्याशियों ने 10 और आरएलपी ने 2 सीटों पर जीत हासिल की है।

सीटों के गणित के अनुसार कांग्रेस ने 11 पंचायत समितियों में बहुमत हासिल किया है, जबकि भाजपा आसींद, कोटड़ी और सहाड़ा में बहुमत की स्थिति में है। वहीं बिजौलियां और शंभूगढ़ में प्रधान पद के चुनाव को लेकर समीकरण दिलचस्प बने हुए हैं। इन समितियों में आरक्षण और निर्दलीय सदस्यों की भूमिका चुनावी परिणाम को प्रभावित कर सकती है।

जहाजपुर में सीता देवी का नाम लगभग तय

जहाजपुर पंचायत समिति में कांग्रेस ने 17 में से 10 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। संख्या बल के लिहाज से कांग्रेस मजबूत स्थिति में है। ऐसे में सीता देवी को प्रधान बनाए जाने की संभावना जताई जा रही है। कांग्रेस अपने बहुमत वाली अन्य पंचायत समितियों में भी प्रधान पद पर कब्जा सुनिश्चित करने की रणनीति बना रही है।

कोटड़ी पंचायत समिति में प्रधान पद को लेकर भाजपा में दावेदारों के नामों पर मंथन जारी है। पूर्व प्रधान करण सिंह बैलवा, मंडल अध्यक्ष प्रहलाद सेन एवं कन्हैया लाल जाट के नाम चर्चा में सामने आ रहे हैं। पार्टी किस उम्मीदवार पर अंतिम मुहर लगाती है, इसका खुलासा शुक्रवार को चुनाव के दौरान ही

बिजौलियां में बहुमत के बावजूद आरक्षण बना चुनौती

बिजौलियां पंचायत समिति में कांग्रेस ने 15 में से 8 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया है, जबकि भाजपा के खाते में 7 सीटें आई हैं। हालांकि प्रधान पद अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित होने से यहां राजनीतिक समीकरण उलझ गए हैं। बहुमत कांग्रेस के पास होने के बावजूद आरक्षण के अनुरूप दावेदार और चुनावी रणनीति को लेकर स्थिति चर्चा में है। ऐसे में यहां चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।

शंभूगढ़ में निर्दलीय तय करेंगे सियासी समीकरण

शंभूगढ़ पंचायत समिति में कांग्रेस को 7, भाजपा को 6 और निर्दलीयों को 2 सीटें मिली हैं। किसी भी दल के पास स्पष्ट बहुमत नहीं होने से प्रधान पद के चुनाव में निर्दलीय सदस्यों की भूमिका अहम हो गई है। दोनों निर्दलीय सदस्यों का समर्थन जिस पक्ष को मिलेगा, उसके लिए प्रधान पद की राह आसान हो सकती है। कांग्रेस और भाजपा दोनों ही यहां समर्थन जुटाने की कोशिश में जुटी हैं।

देर रात तक चलेगा दावेदारों के नाम पर मंथन

प्रधान पद के उम्मीदवारों को लेकर गुरुवार शाम राजनीतिक बैठकों का दौर शुरू होने की संभावना है। दोनों प्रमुख दलों के नेता दावेदारों के नाम, सदस्यों की सहमति और चुनावी रणनीति पर चर्चा करेंगे। प्रत्याशियों के नाम शुक्रवार सुबह तक सामने आने की संभावना है। कई पंचायत समितियों में अंतिम निर्णय देर रात तक होने वाले मंथन के बाद ही लिया जा सकता है।

जिला प्रमुख चुनाव के बाद अब पंचायत समिति प्रधानों के चुनाव को लेकर जिले में सियासी बिसात बिछ चुकी है। कांग्रेस अपने बहुमत वाली पंचायत समितियों में प्रधान बनाने की तैयारी में है, जबकि भाजपा भी अपने मजबूत क्षेत्रों के साथ-साथ चुनौतीपूर्ण समीकरण वाली समितियों में संभावनाएं तलाश रही है। शुक्रवार को होने वाला चुनाव ग्रामीण राजनीति में दोनों दलों की स्थिति और रणनीति की अगली तस्वीर साफ करेगा।

भीलवाड़ा की हर खबर सबसे पहले पाने के लिए हमसे जुड़ें

या ईमेल पर पाएं ताज़ा खबरें: