
कांग्रेस समर्थित पंचायत समिति सदस्यों की बस रोककर तोड़फोड़, मारपीट और मतदान से रोकने के आरोप; शक्करगढ़ पुलिस जांच में जुटी
भीलवाड़ा। खजूरी पंचायत समिति में प्रधान चुनाव के दौरान कांग्रेस समर्थित पंचायत समिति सदस्यों को मतदान केंद्र ले जा रही बस पर हमले और तोड़फोड़ का मामला अब पुलिस कार्रवाई तक पहुंच गया है। शक्करगढ़ थाना पुलिस ने बस को रोककर हमला करने, मारपीट, मतदान से रोकने और पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की करने के आरोप में 9 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। परिवाद में स्थानीय भाजपा विधायक गोपीचंद मीणा की मौके पर मौजूदगी का भी उल्लेख किया गया है।
विधायक की मौजूदगी में रास्ता रोकने का आरोप
परिवादिया मीरा देवी मीणा पत्नी शिवराज मीणा ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि 27 नवंबर को शाम करीब 4:15 बजे कांग्रेस समर्थित पंचायत समिति सदस्य बस संख्या RJ 51 PA 0689 में सवार होकर मतदान केंद्र जा रहे थे। मतदान केंद्र से करीब 100 मीटर पहले विधायक गोपीचंद मीणा की मौजूदगी में कुछ लोगों ने वाहन आगे लगाकर बस का रास्ता रोक दिया।
150 से अधिक लोगों की भीड़ ने बस को घेरा
रिपोर्ट के अनुसार, मौके पर 150 से अधिक लोग फावड़े, सरिये, लकड़ियां और ईंट-पत्थर लेकर पहुंचे। आरोप है कि भीड़ ने बस को चारों तरफ से घेरकर हमला किया, पत्थर फेंके और बस के शीशे तोड़ दिए। बस में सवार पंचायत समिति सदस्यों के साथ मारपीट भी की गई।
पुलिसकर्मियों से भी धक्का-मुक्की
परिवादिया ने आरोप लगाया कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने भीड़ को रोकने का प्रयास किया तो उनके साथ भी धक्का-मुक्की और हाथापाई की गई। बस को आगे नहीं जाने दिया गया, जिसके कारण पंचायत समिति सदस्य निर्धारित समय पर मतदान केंद्र नहीं पहुंच सके।
परिवाद में घटना को जान से मारने की नीयत से किया गया हमला बताते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
9 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
शक्करगढ़ थाने में दर्ज एफआईआर में शिवराज मीणा, बाबूलाल मीणा, छगन मीणा, रामकुंवार मीणा, राजेश मीणा, महेंद्र मीणा, श्यामलाल मीणा, संत्रा मीणा और एक अन्य महेंद्र मीणा के नाम शामिल हैं।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के संबंध में आरोपों की पुष्टि और मामले के सभी पहलुओं की जांच पुलिस की ओर से की जा रही है।
भीलवाड़ा लाइव अपडेट | स्थानीय खबर, सबसे पहले



