📅

हर खबर, सबसे पहले • आस्था • परंपरा • संस्कृति • आपकी खबर

ब्रेकिंग

बिजौलिया में एक दिन में 2 सड़क हादसे, 3-की मौत:मेनाल घूमने आए कोटा के छात्र की बाइक स्लिप हुई, कार-बाइक की भिड़ंत में पति-पत्नी की मौत

WhatsAppFacebookXTelegram
मृतक पति पत्नी
घायल छात्र

भीलवाड़ा जिले के बिजौलिया में चित्तौड़गढ़-कोटा हाईवे (एनएच-27) पर गुरुवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। पहले हादसे में कोटा से मेनाल घूमने आए दो जेईई की तैयारी कर रहे छात्रों की बाइक स्लिप हो गई। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई। वहीं अन्य हादसे में एक कार ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी की मौत हो गई।

कोटा से मेनाल घूमने आए थे दोनों छात्र

एएसआई सुनील बेनीवाल ने बताया - पहला हादसा केसरगंज कट पुलिया के पास हुआ। यहां 4 दोस्त 2 बाइकों पर मेनाल घूमने आए थे। वे मेनाल से वापस कोटा लौट रहे थे। केसरगंज कट पर एक बाइक स्लिप हो गई। हादसे में बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी शिवम राजपूत(15) की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक सवार झारखंड निवासी अर्पित घायल हो गया।

दोनों दोस्त कोटा में रहकर जेईई की तैयारी कर रहे थे।

हादसे के बाद उसके परिजनों को सूचना दी गई। दूसरी बाइक पर झारखंड निवासी मानस और बिहार निवासी कनिष्क सवार थे। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

कार ने बाइक को मारी टक्कर, दंपती की मौत

दूसरा हादसा मोदी के ढाबे के पास हुआ। यहां कोटा से बिजौलिया की ओर आ रही बाइक को कार ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार पति-पत्नी राजेश मीणा(32) और राममाला मीणा (25) गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार भी सड़क किनारे उतर गई।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर्स ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों के शवों को बिजौलिया अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है।

पुलिस ने बताया - मृतक दंपती मूल रूप से बूंदी के रहने वाले हैं। मृतका राममाला मीणा बिजौलिया के गणेशपुरा स्कूल में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी थी। हाईवे पर काम के चलते बिखरी धूल और गिट्टी

स्थानीय लोगों ने बताया की एनएच-27 पर पिछले 4 साल से काम चल रहा है। बीच में कुछ समय के लिए काम बंद था, जो अब 4 महीने से दोबारा शुरू किया गया है।

ओवरब्रिज पर निर्माण कार्य से नीचे से गुजर रहे सर्विस रोड पर अक्सर मिट्टी और गिट्टी बिखर जाती है। इससे आए दिन वाहनों के स्लिप होने का खतरा बना रहता है। एक ही दिन में क्षेत्र में हुए दो हादसों में तीन लोगों की मौत के बाद सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हुए हैं। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।"

भीलवाड़ा की हर खबर सबसे पहले पाने के लिए हमसे जुड़ें

या ईमेल पर पाएं ताज़ा खबरें: