📅

हर खबर, सबसे पहले • आस्था • परंपरा • संस्कृति • आपकी खबर

ब्रेकिंग

, , ,

भीलवाड़ा की RSWM फैक्ट्री में बड़ा हादसा: आरओ टैंक की सफाई करने उतरे दो सगे भाइयों की दम घुटने से मौत

WhatsAppFacebookXTelegram

पहले बड़े भाई की बिगड़ी तबीयत, उसे बचाने टैंक में उतरा छोटा भाई भी जहरीली गैस की चपेट में आया; अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

भीलवाड़ा। हमीरगढ़ थाना क्षेत्र स्थित RSWM फैक्ट्री में मंगलवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। फैक्ट्री के आरओ प्लांट के टैंक की सफाई करने उतरे दो सगे भाइयों की जहरीली गैस की चपेट में आने से मौत हो गई। टैंक के अंदर दम घुटने से दोनों भाई अचेत होकर कीचड़ में फंस गए। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर फैक्ट्री के अन्य मजदूरों ने उन्हें बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

बड़े भाई के बाहर आने के बाद दोबारा टैंक में उतरने से हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में आरओ प्लांट के टैंक की सफाई का काम ठेकेदार की ओर से कर्मचारियों को सौंपा गया था। दौसा निवासी बद्री बैरवा (33) सबसे पहले टैंक में सफाई करने उतरा। कुछ देर बाद दम घुटने और घबराहट महसूस होने पर वह बाहर आ गया। इसके बाद उसने अपने छोटे भाई राजू (31) को टैंक के अंदर के हालात के बारे में बताया।

कुछ समय बाद बद्री दोबारा सफाई के लिए टैंक में उतर गया, लेकिन काफी देर तक बाहर नहीं आया। बड़े भाई को अंदर फंसा देखकर छोटा भाई भी उसे बचाने के लिए टैंक में उतर गया। बताया जा रहा है कि अंदर कीचड़ में फंसे भाई को निकालने के प्रयास में वह भी जहरीली गैस की चपेट में आ गया। देखते ही देखते दोनों भाई अचेत हो गए।

मजदूरों ने बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया

काफी देर तक दोनों के बाहर नहीं आने पर अन्य मजदूरों और फैक्ट्री प्रबंधन को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद टैंक में तलाश की गई तो दोनों भाई कीचड़ में अचेत अवस्था में मिले। उन्हें तत्काल बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

एचआर हेड बोले- बिना अनुमति शुरू किया काम

फैक्ट्री के एचआर हेड एसएस सोलंकी ने बताया कि कर्मचारियों ने बिना अनुमति और सेफ्टी ऑफिसर से सलाह लिए ही टैंक की सफाई का काम शुरू कर दिया था। सुपरवाइजर ने उन्हें काम करने से मना भी किया था, लेकिन ठेकेदार ने काम शुरू करने के लिए कह दिया। एक युवक टैंक में उतरा तो घबराहट होने पर बाहर आ गया। इसके बाद उसका भाई उसे निकालने के लिए अंदर गया, लेकिन वह भी टैंक में गिर गया। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत की पुष्टि हुई।

परिजनों के पहुंचने पर होगा पोस्टमार्टम

हादसे के बाद दोनों शव जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाए गए हैं। हमीरगढ़ थाना पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है। परिजनों के भीलवाड़ा पहुंचने पर बुधवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों और परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है।

भीलवाड़ा लाइव अपडेट | हर खबर, सबसे पहले

भीलवाड़ा की हर खबर सबसे पहले पाने के लिए हमसे जुड़ें

या ईमेल पर पाएं ताज़ा खबरें: