शव जलाकर सबूत मिटाने की आशंका, एफएसएल जांच से खुलेगी वारदात की पूरी कड़ी; तीन आरोपी गिरफ्तार, भतीजा कालू तापडिय़ा अब भी फरार
भीलवाड़ा | भीलवाड़ा लाइव अपडेट
72 वर्षीय कमला देवी कांकरिया की हत्या कर शव को मकान की छत पर जलाने के मामले में पुलिस ने साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई तेज कर दी है। गुरुवार को पुलिस गिरफ्तार आरोपियों रवि तापडिय़ा, हीरा सिंधी और आर्यन दाधीच उर्फ चूचा को लेकर दोबारा घटनास्थल पहुंची। एफएसएल टीम की मौजूदगी में मकान की छत की खुदाई करवाई गई, जहां से कुछ महत्वपूर्ण साक्ष्य मिलने का पुलिस ने दावा किया है। वहीं, शव जलाने के बाद छत से हटाए गए मलबे की तलाश में पांडू के नाले में सर्च अभियान चलाकर सीमेंट और काला मलबा जब्त किया गया। पुलिस अब बरामद साक्ष्यों की एफएसएल जांच के जरिए हत्या और सबूत मिटाने की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।
छत पर शव जलाने के बाद मरम्मत कर मिटाए निशान
पुलिस जांच के अनुसार, कमला देवी की हत्या के बाद उनके शव को लकड़ियों और अन्य ज्वलनशील सामग्री की मदद से छत पर जलाया गया। आरोप है कि शव जलाने के बाद हड्डियों और अन्य अवशेषों को कोठारी नदी में बहा दिया गया। वारदात के निशान छिपाने के लिए छत के जले हिस्से की मरम्मत कर वहां सीमेंट का नया घोल भी डाला गया था।
गुरुवार को पुलिस ने एफएसएल टीम की मौजूदगी में छत के संबंधित हिस्से की खुदाई करवाई। इस दौरान मिले साक्ष्यों को जांच के लिए संग्रहित किया गया है। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में इसी स्थान पर शव जलाए जाने के संकेत मिले हैं। हालांकि, इसकी पुष्टि एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
प्रॉपर्टी विवाद में तकिए से मुंह दबाकर हत्या का आरोप
पुलिस के अनुसार, 12 अक्टूबर की रात रवि तापडिय़ा कमला देवी को आरके कॉलोनी स्थित मकान पर लेकर गया था। वहां संपत्ति अपने नाम करवाने के लिए हस्ताक्षर करने को कहा गया। कमला देवी के इनकार करने पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसके बाद तकिए से मुंह दबाकर उनकी हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, इस दौरान हीरा सिंधी भी मौके पर मौजूद था।
हत्या के बाद शव को चादर में लपेटकर बांधा गया और कथित तौर पर छत पर ले जाकर जला दिया गया। पुलिस अब घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य जांच के आधार पर वारदात की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है।
मलबा फेंकने वाले मजदूर से पूछताछ, नाले से साक्ष्य जब्त
पुलिस जांच में सामने आया कि शव जलाने के बाद छत की सफाई करवाई गई थी। इसके लिए रवि तापडिय़ा एक मजदूर को मकान पर लेकर आया था। मजदूर ने छत पर फैले काले और सीमेंट के मलबे को एकत्रित किया था। आरोप है कि बाद में इस मलबे को पास ही स्थित पांडू के नाले में फेंक दिया गया।
जानकारी मिलने पर पुलिस ने मजदूर को बुलाकर पूछताछ की। मजदूर ने मलबा एकत्रित कर नाले में फेंकने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उसके बताए स्थान पर सर्च अभियान चलाया, जहां से सीमेंट और काला मलबा मिला। पुलिस ने इसे साक्ष्य के तौर पर जब्त कर लिया है।
बैंक खातों और लेन-देन की भी जांच
कमला देवी की हत्या के पीछे संपत्ति विवाद की आशंका को देखते हुए पुलिस आर्थिक लेन-देन की जानकारी भी जुटा रही है। पुलिस ने परिजनों से मृतका द्वारा लोगों को दिए गए रुपयों और वापस प्राप्त की गई राशि से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध कराने को कहा है। इसके साथ ही बैंक से कमला देवी के खाते में हुए लेन-देन का विवरण भी मांगा गया है। पुलिस इस पहलू की जांच कर रही है कि संपत्ति और पैसों से जुड़े विवाद का वारदात से क्या संबंध था।
तीन आरोपी गिरफ्तार, कालू तापडिय़ा की तलाश
भीमगंज थाना प्रभारी सुनील चौधरी के अनुसार, मामले में आरके कॉलोनी निवासी रवि तापडिय़ा और हीरा सिंधी के साथ आर्यन दाधीच उर्फ चूचा को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं, रवि तापडिय़ा का भतीजा कालू तापडिय़ा पुत्र सांभा तापडिय़ा अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
एसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा ने भी गुरुवार को घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मकान में मौका मुआयना कर जांच की प्रगति की जानकारी ली और जांच अधिकारी सीआई सुनील चौधरी को बारीकी से अनुसंधान करने तथा सभी संभावित साक्ष्य जुटाने के निर्देश दिए।
अब एफएसएल रिपोर्ट पर नजर: छत की खुदाई और नाले से मिले मलबे की जांच इस मामले में अहम मानी जा रही है। इन साक्ष्यों की वैज्ञानिक जांच से शव जलाने और सबूत मिटाने के आरोपों की पुष्टि में मदद मिल सकती है। पुलिस के अनुसार, जांच रिपोर्ट आने के बाद मामले की आगे की तस्वीर और स्पष्ट होगी।


