
दिवाली से पहले दो कोल्ड स्टोरेज पर छापेमारी, 1 हजार किलो गुड़ और 1 हजार किलो साबूत लाल मिर्च मौके पर नष्ट; धनिया, चना, गुड़ और किशमिश के नमूने जांच के लिए भेजे
भीलवाड़ा। दिवाली से पहले खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। सोमवार को चित्तौड़ रोड स्थित दो कोल्ड स्टोरेज सहित तीन स्थानों पर निरीक्षण के दौरान विभाग की टीम ने कुल 2 हजार किलो खाद्य सामग्री मौके पर नष्ट करवाई। इसमें 1 हजार किलो गुड़ और 1 हजार किलो साबूत लाल मिर्च शामिल है। इसके अलावा धनिया, चना, गुड़ और किशमिश के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने स्वरूपगंज, चित्तौड़ रोड स्थित संगम कोल्ड स्टोरेज का निरीक्षण किया। यहां 1 हजार किलो गुड़ नष्ट करवाया गया। साथ ही साबूत धनिया, चना और गुड़ के नमूने लिए गए।
दो कोल्ड स्टोरेज से 1 हजार किलो लाल मिर्च नष्ट करवाई
कार्रवाई के दौरान सुदर्शन कोल्ड स्टोरेज से 500 किलो साबूत लाल मिर्च मौके पर नष्ट करवाई गई। वहीं शिव सुदर्शन कोल्ड स्टोरेज में भी 500 किलो साबूत लाल मिर्च नष्ट करवाई गई। यहां से किशमिश का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया।
रिपोर्ट आने के बाद होगी आगे की कार्रवाई
कार्रवाई के दौरान डॉ. दिलराज मीणा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार रेगर, साक्षी जैन, विजय मेहता, शाहरूख हुसैन सहित अन्य जांच अधिकारी मौजूद रहे। विभाग के अनुसार सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
मिलावट की सूचना कंट्रोल रूम पर दें
सीएमएचओ डॉ. शर्मा ने बताया कि दिवाली के दौरान आमजन को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए निरीक्षण और नमूनीकरण अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी गुणवत्ता और शुद्धता का ध्यान रखने की अपील की।
खाद्य पदार्थों में मिलावट या संदिग्ध सामग्री की जानकारी मिलने पर जिला स्तरीय कंट्रोल रूम नंबर 01482-232643 पर शिकायत की जा सकती है।


