भीलवाड़ा। शहर में पुलिस लाइन मार्ग स्थित डेयरी बूथ से मोबाइल चोरी के संदेह में बुधवार शाम लोगों ने एक युवक को पकड़ लिया। युवक की लोगों ने पिटाई कर दी और बाद में गांधी नगर थाना पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस युवक से पूछताछ कर मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, मोहीनी स्वीट्स के पास स्थित श्रीराम सरस पार्लर से दो मोबाइल फोन चोरी होने की बात सामने आई थी। इसके बाद पार्लर संचालक और क्षेत्र के लोगों ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में एक संदिग्ध युवक दिखाई देने पर उसकी तलाश शुरू की गई, लेकिन उस समय वह हाथ नहीं लगा।
बुधवार शाम युवक दोबारा क्षेत्र में नजर आया तो लोगों ने उसे पकड़ लिया। क्षेत्रवासियों का दावा है कि युवक के पास से चार मोबाइल फोन मिले हैं। इनमें दो मोबाइल श्रीराम सरस पार्लर से चोरी होने की आशंका जताई गई, जबकि अन्य दो मोबाइल भी किसी दूसरी जगह से चोरी के होने का संदेह है।
सूचना मिलने पर गांधी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अपने साथ थाने ले गई। फिलहाल मामले में मुकदमा दर्ज होने की जानकारी नहीं है। पुलिस की जांच और पूछताछ के बाद ही मोबाइल चोरी की वास्तविक स्थिति और युवक की संलिप्तता स्पष्ट हो सकेगी।
भीलवाड़ा लाइव अपडेट


