एक माह पहले 13 लाख रुपए में खरीदी थी टैक्सी, परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहा था 30 वर्षीय मुकेश; रेलवे ट्रैक पर मिला शव, हादसा या आत्महत्या पुलिस जांच में जुटी
भीलवाड़ा। भाई दूज के त्योहार पर जहां घरों में खुशियों और पारिवारिक मिलन का माहौल था, वहीं भीलवाड़ा में एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। चित्तौड़गढ़ रेलमार्ग स्थित ओवरब्रिज के पास बुधवार सुबह रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई। मृतक बिहार का रहने वाला था और भीलवाड़ा में टैक्सी चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहा था।
प्रताप नगर थाना क्षेत्र में चित्तौड़गढ़ मार्ग स्थित रेलवे ओवरब्रिज के नजदीक बुधवार सुबह करीब 7 बजे ट्रैकमैन की नजर रेलवे लाइन पर पड़े युवक के शव पर पड़ी। उसने तत्काल स्टेशन मास्टर को इसकी सूचना दी। जानकारी मिलते ही जीआरपी और प्रताप नगर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन तत्काल कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।
भाई ने मोर्चरी पहुंचकर पहचाना शव
पुलिस के प्रयासों के बाद मृतक की पहचान बिहार के पटना जिले के जनपरा गांव निवासी मुकेश पंडित (30) पुत्र बैजनाथ पंडित (प्रजापति) के रूप में हुई। सूचना मिलने पर मृतक का भाई कुंदन पंडित जिला अस्पताल पहुंचा और शव की शिनाख्त की।
कुंदन ने बताया कि मुकेश मंगलवार शाम घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। बुधवार सुबह रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात युवक का शव मिलने की सूचना मिली तो वह अस्पताल पहुंचा। वहां अपने भाई का शव देखकर परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
13 लाख रुपए में खरीदी थी टैक्सी, दो बच्चों की थी जिम्मेदारी
परिजनों के मुताबिक मुकेश ने करीब एक महीने पहले ही 13 लाख रुपए खर्च कर टैक्सी खरीदी थी। वह टैक्सी चलाकर परिवार की आर्थिक जरूरतें पूरी कर रहा था। उसके परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं। पिता की अचानक मौत से दोनों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। परिवार की आजीविका का प्रमुख सहारा छिनने से परिजन गहरे सदमे में हैं।
भाई दूज के दिन हुई इस घटना ने त्योहार की खुशियों के बीच एक परिवार को कभी न भूलने वाला दर्द दे दिया।
मौत की वजह को लेकर जांच जारी
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। युवक ट्रेन की चपेट में किन परिस्थितियों में आया, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। घटना दुर्घटना थी या इसके पीछे कोई अन्य वजह रही, इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।


