
पिता के साथ पहुंचकर माता को अर्पित की अनूठी भेंट; मंदिर में त्रिशूल पर पहले से टंगी हैं सैकड़ों हथकड़ियां
भीलवाड़ा। धार्मिक आस्था और अनूठी मान्यताओं के लिए प्रसिद्ध भीलवाड़ा जिले के मां जोगणिया माता मंदिर में एक युवक की अनोखी मन्नत इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। युवक अपने पिता के साथ माता के दरबार पहुंचा और लोहे से बना जेल का मॉडल भेंट किया। युवक ने माता से प्रार्थना की कि उसके जीवन में कभी ऐसी परिस्थिति नहीं आए, जब उसे जेल जाना पड़े।
माता के दर्शन करने पहुंचे युवक ने विधि-विधान से लोहे के जेल मॉडल को अर्पित किया। उसकी इस अनूठी भेंट को देखकर मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं के बीच चर्चा शुरू हो गई। युवक की मन्नत थी कि वह जीवनभर किसी आपराधिक मामले, मुकदमे या जेल की स्थिति से दूर रहे।
त्रिशूल पर टंगी हैं सैकड़ों हथकड़ियां
मां जोगणिया माता मंदिर में हथकड़ी और जेल के प्रतीकात्मक मॉडल चढ़ाने की परंपरा पहले से चली आ रही है। मंदिर परिसर में एक पेड़ के नीचे लगे त्रिशूल पर सैकड़ों हथकड़ियां टंगी हुई हैं। श्रद्धालु अपनी मान्यताओं के अनुसार यहां हथकड़ी और जेल के प्रतीक चढ़ाकर माता से जीवन में कभी जेल जाने की नौबत नहीं आने की कामना करते हैं।
अनूठी भेंट ने फिर दिलाई परंपरा की याद
इस बार युवक की ओर से लोहे का जेल मॉडल चढ़ाए जाने से मंदिर की यह अनूठी परंपरा एक बार फिर चर्चा में आ गई। पिता के साथ माता के दरबार पहुंचे युवक ने अपनी मन्नत के जरिए यही संदेश दिया कि जीवन में किसी भी तरह की ऐसी परिस्थिति उत्पन्न न हो, जिससे उसे जेल या कानूनी परेशानी का सामना करना पड़े। मां जोगणिया के दरबार में आस्था का यह अनोखा अंदाज श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।



