
जन्मोत्सव पर नेत्र जांच, रक्तदान, वस्त्र वितरण और गौ सेवा सहित होंगे विभिन्न सेवा कार्य, रात्रि में सजेगी भव्य भजन संध्या
कोटड़ी | भीलवाड़ा लाइव अपडेट
ऐतिहासिक नगरी कोटड़ी स्थित आराध्य देव श्री चारभुजा मंदिर परिसर में दिसंबर माह में धार्मिक और सेवा गतिविधियों का आयोजन होगा। काबरा परिवार के तत्वावधान में 1 से 7 दिसंबर 2026 तक सात दिवसीय श्रीमद् भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ आयोजित किया जाएगा। कथा को लेकर श्रद्धालुओं और धर्मप्रेमियों में उत्साह देखा जा रहा है।
आयोजन के तहत प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से शाम 4:30 बजे तक श्रीमद् भागवत कथा का वाचन होगा। कथा व्यास परम पूज्य संत श्री दिग्विजय रामजी महाराज (दर्शनाचार्य एवं एम.ए. अंग्रेजी), रामद्वारा चित्तौड़गढ़ होंगे। महाराजश्री अपनी मधुर वाणी से श्रद्धालुओं को भागवत कथा का श्रवण कराएंगे।
3 दिसंबर को जन्मोत्सव के साथ होंगे सेवा कार्य
सप्ताहभर चलने वाले धार्मिक आयोजन के दौरान 3 दिसंबर 2026, गुरुवार को संत श्री दिग्विजय रामजी महाराज का जन्मोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर को जनसेवा के रूप में मनाते हुए विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
जन्मोत्सव के अवसर पर निःशुल्क नेत्र जांच शिविर लगाया जाएगा, जिसमें मोतियाबिंद के ऑपरेशन तथा जरूरतमंदों को निःशुल्क चश्मे उपलब्ध कराने की व्यवस्था रहेगी। इसके साथ ही रक्तदान शिविर आयोजित कर रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों की सहायता का संकल्प लिया जाएगा।
गौ सेवा के तहत देवनारायण गौशाला में गोवंश को लापसी का भोग कराया जाएगा। वहीं सर्दी के मौसम को देखते हुए जरूरतमंद एवं निर्धन विद्यार्थियों को गर्म वस्त्र वितरित किए जाएंगे।
रात 7:30 बजे होगी भव्य भक्ति संगीत संध्या
जन्मोत्सव के अवसर पर 3 दिसंबर को रात्रि 7:30 बजे से भव्य भक्ति संगीत संध्या का आयोजन भी होगा। इसमें भजन प्रस्तुतियों के माध्यम से श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होंगे।
सपरिवार शामिल होने का आग्रह
काबरा परिवार एवं आयोजन से जुड़े लोगों ने क्षेत्र के समस्त धर्मप्रेमियों और श्रद्धालुओं से सपरिवार श्री चारभुजा मंदिर पहुंचकर श्रीमद् भागवत कथा का श्रवण करने तथा संत श्री दिग्विजय रामजी महाराज के जन्मोत्सव पर आयोजित धार्मिक एवं सेवा कार्यक्रमों में सहभागी बनने का आग्रह किया है। सात दिवसीय यह आयोजन धर्म, भक्ति और मानव सेवा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का अवसर बनेगा।



