
छुट्टियां बिताने ननिहाल आई थीं तीनों बहनें, एक बच्ची को बचाने के लिए पानी में उतरे तीनों बच्चे भी डूबे; जेसीबी से डिग्गी तोड़कर निकाले चारों के शव
जैसलमेर। सदर थाना क्षेत्र के रूपसी गांव में शुक्रवार दोपहर एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। खेत में बनी पानी की गहरी डिग्गी में डूबने से तीन सगी बहनों और उनके ममेरे भाई की मौत हो गई। चारों बच्चे छुट्टियां बिताने के लिए ननिहाल आए हुए थे। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई, वहीं गांव में मातम छा गया।
जानकारी के अनुसार सिपला निवासी नारायणराम भील की बेटियां मोरू (16), धीया (14) और माया (12) इन दिनों अपने ननिहाल रूपसी आई हुई थीं। शुक्रवार दोपहर तीनों बहनें अपने ममेरे भाई दिलीप (18) पुत्र अम्रतराम भील के साथ खेत में थीं। इसी दौरान खेलते-खेलते बच्चे खेत में बनी पानी की डिग्गी के पास पहुंच गए।
एक बच्ची को बचाने के प्रयास में चारों डूबे
बताया जा रहा है कि खेलते समय अचानक एक बच्ची का पैर फिसल गया और वह डिग्गी के गहरे पानी में जा गिरी। उसे डूबता देख बाकी तीनों बच्चे भी उसे बचाने के लिए पानी में उतर गए। डिग्गी की गहराई अधिक होने के कारण चारों बच्चे पानी में डूब गए और बाहर नहीं निकल सके।
हादसे के दौरान खेत में मौजूद एक छोटे बच्चे ने चारों को डिग्गी में डूबते देखा। वह घबराकर पास के खेतों में काम कर रहे लोगों के पास पहुंचा और घटना की जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे तथा बच्चों को बचाने के प्रयास शुरू किए।
जेसीबी से डिग्गी तोड़कर निकाले शव
डिग्गी काफी गहरी होने के कारण बच्चों को बाहर निकालने में परेशानी हुई। सूचना पर सदर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। हेड कांस्टेबल जेठाराम के अनुसार बच्चों को बाहर निकालने के लिए जेसीबी मशीन बुलवाई गई। जेसीबी की मदद से डिग्गी को तोड़कर पानी खाली कराया गया। इसके बाद चारों बच्चों के शव बाहर निकाले जा सके।
परिजन और ग्रामीण चारों बच्चों को लेकर जवाहिर अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एसपी ने मौके पर भेजी पुलिस टीम
पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे ने बताया कि मृत तीनों लड़कियां आपस में सगी बहनें थीं, जबकि युवक उनका ममेरा भाई था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार एक बच्ची के डिग्गी में गिरने के बाद उसे बचाने के प्रयास में बाकी तीनों बच्चे भी पानी में उतर गए और चारों की डूबने से मौत हो गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
एक साथ चार बच्चों की मौत से रूपसी गांव सहित आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।



