📅

हर खबर, सबसे पहले • आस्था • परंपरा • संस्कृति • आपकी खबर

ब्रेकिंग

, ,

बुखार का इलाज कराने गई 17 वर्षीय प्राची की मौत, मेडिकल स्टोर पर हंगामा; पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का प्रयास

WhatsAppFacebookXTelegram

गलत इंजेक्शन लगाने के आरोपों से भड़का आक्रोश, शटर पर बरसाए पत्थर; संचालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर लोगों ने की नारेबाजी

भीलवाड़ा। सुभाष नगर क्षेत्र में 17 वर्षीय किशोरी की उपचार के दौरान हुई मौत के बाद शनिवार को जमकर हंगामा हो गया। बुखार का इलाज कराने मेडिकल स्टोर पहुंची प्राची की मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने मेडिकल स्टोर संचालक पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया। घटना से आक्रोशित लोगों ने मेडिकल स्टोर के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान कुछ लोगों ने दुकान के शटर पर पत्थर बरसाए और पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का प्रयास भी किया। हालांकि आग दुकान के अंदर तक नहीं पहुंची और बड़ा हादसा टल गया। प्रदर्शनकारी मेडिकल स्टोर संचालक की गिरफ्तारी की मांग करते रहे।

बुखार की शिकायत पर मेडिकल स्टोर पहुंची थी प्राची

जानकारी के अनुसार, सरकारी स्कूल के पास रहने वाले राकेश मेहता की 17 वर्षीय बेटी प्राची को 11 नवंबर की शाम बुखार आया था। परिजन उसे शाम करीब 5 बजे सुभाष नगर क्षेत्र स्थित एक मेडिकल स्टोर पर लेकर पहुंचे। आरोप है कि मेडिकल स्टोर संचालक ने खुद उपचार करते हुए उसे इंजेक्शन लगा दिया। इसके बाद प्राची की तबीयत बिगड़ने लगी।

परिजन उसे घर लेकर पहुंचे, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। अगले दिन दोपहर करीब ढाई बजे उसे रामस्नेही चिकित्सालय ले जाया गया। उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया। उसी रात करीब 12 बजे तबीयत दोबारा बिगड़ने पर परिजन उसे फिर अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां भी सुबह चिकित्सक को दिखाने की सलाह दी गई।

अगले दिन हालत में सुधार नहीं होने पर चिकित्सकों ने प्राची को उदयपुर रेफर कर दिया। परिजन उसे गीतांजलि हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मौत की खबर के बाद भड़का आक्रोश, दुकान पर पथराव

प्राची की मौत की सूचना मिलने के बाद शनिवार दोपहर बड़ी संख्या में लोग मेडिकल स्टोर के बाहर एकत्रित हो गए। आक्रोशित भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने बंद दुकान के शटर पर भारी पत्थरों से हमला कर दिया। इसके बाद पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का प्रयास किया गया। हालांकि आग दुकान के भीतर तक नहीं पहुंची।

इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर भी नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि सूचना देने के बावजूद पुलिस तत्काल मौके पर नहीं पहुंची और करीब पौन घंटे बाद पुलिस जाब्ता घटनास्थल पर पहुंचा।

गिरफ्तारी की मांग पर अड़े प्रदर्शनकारी

मेडिकल स्टोर के बाहर महिलाओं और पुरुषों सहित बड़ी संख्या में लोग जमा रहे। लोगों ने संचालक के खिलाफ कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग को लेकर नारेबाजी की। सूचना पर सुभाष नगर थाना प्रभारी कैलाश चंद्र बिश्नोई पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से समझाइश कर स्थिति संभालने का प्रयास किया।

उदयपुर में पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव

घटना की जानकारी मिलने पर सहायक उप निरीक्षक मुकेश कुमार खींची उदयपुर पहुंचे। वहां प्राची के शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जांच से सामने आएगी इंजेक्शन और मौत की वजह

इस घटना के बाद मेडिकल स्टोर संचालक की भूमिका भी जांच के दायरे में है। परिजनों की ओर से लगाए गए गलत इंजेक्शन के आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। इंजेक्शन में कौन सी दवा दी गई थी, मेडिकल स्टोर संचालक को उपचार करने का अधिकार था या नहीं और प्राची की तबीयत बिगड़ने के पीछे वास्तविक कारण क्या रहा, इन सभी पहलुओं की जांच महत्वपूर्ण होगी।

17 वर्षीय प्राची की मौत से परिवार गहरे सदमे में है। वहीं स्थानीय लोग दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। अब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

भीलवाड़ा की हर खबर सबसे पहले पाने के लिए हमसे जुड़ें

या ईमेल पर पाएं ताज़ा खबरें: