पारोली थाना क्षेत्र में कोठाज-धनवाड़ा चौराहे के बीच हुआ हादसा, पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
पारोली। थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम बाइक और स्कूटी की आमने-सामने भिड़ंत में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे में गंभीर घायल व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया था, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार कांटी निवासी ब्रह्मानाथ (40) पुत्र मीठूनाथ रविवार देर शाम कोठाज से बाइक पर पारोली की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कोठाज और धनवाड़ा चौराहे के बीच सामने से आ रही स्कूटी से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ब्रह्मानाथ गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल को तत्काल पारोली अस्पताल पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। इसके बाद शव को कोटड़ी अस्पताल लाया गया, जहां सोमवार सुबह पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में शोक छा गया।


