📅

हर खबर, सबसे पहले • आस्था • परंपरा • संस्कृति • आपकी खबर

ब्रेकिंग

, , ,

थाने में रिश्वत का खेल! 2 लाख की मांग, 80 हजार में सौदा; एसीबी का रिकॉर्डर-मेमोरी कार्ड छिपाने का आरोप, सीआई समेत 4 निलंबित

WhatsAppFacebookXTelegram

ऋषभदेव थाने में दो सेल्समैन को हिरासत में लेकर मारपीट और अवैध वसूली की शिकायत; एसपी ने डीएसपी को सौंपी जांच

उदयपुर। कानून की रक्षा और आमजन को सुरक्षा देने की जिम्मेदारी संभालने वाले पुलिसकर्मियों पर ही रिश्वतखोरी और मारपीट के गंभीर आरोप लगे हैं। ऋषभदेव थाना क्षेत्र में शराब की दुकान पर काम करने वाले दो सेल्समैन को कथित तौर पर अवैध शराब तस्करी के आरोप में हिरासत में लेकर छोड़ने के बदले 2 लाख रुपए मांगने का मामला सामने आया है। शिकायत के मुताबिक, बाद में 80 हजार रुपए में सौदा तय हुआ। एसीबी की शिकायत और जांच के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी ने सीआई सहित चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।

निलंबित पुलिसकर्मियों में सीआई हेमंत अहारी, एसआई रमेशचंद्र, एएसआई रणजीत हड़ात और कांस्टेबल कैलाश मीणा शामिल हैं। एसपी डॉ. अमृता दुहन ने मामले की जांच ऋषभदेव डीएसपी अर्जुन सिंह को सौंपी है।

शराब तस्करी का आरोप लगाकर दोनों को थाने लाने की शिकायत

शिकायतकर्ता जालोर जिले के रानीवाड़ा निवासी देवीसिंह ने 22 नवंबर को एसीबी स्पेशल यूनिट में शिकायत दी थी। शिकायत के अनुसार, उसके परिचित आशीष सेन और लोकेश पटेल 21 नवंबर को हर्षावाड़ा स्थित शराब की दुकान पर जा रहे थे। दोनों वहां सेल्समैन का काम करते हैं।

आरोप है कि रास्ते में एएसआई रणजीत हड़ात और कांस्टेबल कैलाश मीणा ने दोनों को अवैध शराब तस्करी के आरोप में हिरासत में लिया और थाने ले आए। इसके बाद मुकदमा दर्ज नहीं करने और छोड़ने के बदले 2 लाख रुपए मांगे गए। कथित तौर पर रकम की व्यवस्था करने के लिए लोकेश को फोन भी दिया गया।

जल्दी रुपए मंगवाने के लिए मारपीट का आरोप

लोकेश ने अपने जीजा महेंद्र को फोन कर घटना की जानकारी दी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि रकम जल्द मंगवाने के लिए सीआई, एएसआई और कांस्टेबल ने दोनों युवकों के साथ मारपीट की। बाद में थाने पहुंचे देवीसिंह को पीड़ितों ने पूरी घटना बताई।

एसीबी के निर्देश पर देवीसिंह 22 नवंबर की रात 80 हजार रुपए लेकर थाने पहुंचा। आरोप है कि पुलिसकर्मी पहले मांगी गई 2 लाख रुपए की रकम के बजाय कम पैसे देखकर नाराज हो गए।

एसीबी का रिकॉर्डर पकड़ा, मेमोरी कार्ड छिपाने का भी आरोप

मामले में सबसे गंभीर आरोप एसीबी के सत्यापन के दौरान सामने आया। शिकायत के मुताबिक, तलाशी के दौरान पुलिसकर्मियों ने पीड़ित के पास मौजूद एसीबी का मिनी वॉयस रिकॉर्डर पकड़ लिया। आरोप है कि इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई और कथित साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से रिकॉर्डर व मेमोरी कार्ड छिपा दिए गए।

रिकॉर्डर हटाए जाने की जानकारी मिलने पर एसीबी टीम थाने पहुंची। हालांकि, इससे पहले दोनों एएसआई और कांस्टेबल के फरार होने की बात सामने आई। एसीबी ने अपनी जांच रिपोर्ट जयपुर मुख्यालय भेज दी है।

सीआई सहित चार पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज

एसीबी की शिकायत के बाद एसपी डॉ. अमृता दुहन ने सीआई हेमंत अहारी, एसआई रमेशचंद्र, एएसआई रणजीत हड़ात और कांस्टेबल कैलाश मीणा को निलंबित कर दिया। मामले की विभागीय जांच ऋषभदेव डीएसपी अर्जुन सिंह को सौंपी गई है।

एसीबी एएसपी राजीव जोशी के अनुसार, जांच रिपोर्ट मुख्यालय भेजी जा चुकी है। आगे की कार्रवाई मुख्यालय के निर्देशों के आधार पर की जाएगी।

थाने के भीतर ही कथित रिश्वतखोरी, मारपीट और जांच एजेंसी के साक्ष्य छिपाने के आरोपों ने पुलिस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब जांच में स्पष्ट होगा कि कथित वसूली के मामले में किस पुलिसकर्मी की क्या भूमिका थी और साक्ष्य छिपाने के आरोपों में कितनी सच्चाई है।

भीलवाड़ा की हर खबर सबसे पहले पाने के लिए हमसे जुड़ें

या ईमेल पर पाएं ताज़ा खबरें: