पंडेर। थाना क्षेत्र में एनएच-48 डी पर रविवार देर शाम हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दो बुजुर्गों की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार की टक्कर से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हादसे के बाद गुलाबपुरा गांव में शोक की लहर छा गई।
जानकारी के अनुसार गुलाबपुरा निवासी भैंरूलाल (56) पुत्र सोराम भील और माधो (66) पुत्र नंदा भील रविवार शाम शाहपुरा से बाइक पर अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान बावड़ी चौराहा और पंडेर के बीच जहाजपुर से शाहपुरा की ओर जा रही कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। माधो भील ने भीलवाड़ा पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया, जबकि भैंरूलाल को प्राथमिक उपचार के बाद उदयपुर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उनकी भी मौत हो गई।
सूचना पर थाना प्रभारी शिंभुदयाल और दीवान बृजमोहन पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की तथा कार और बाइक को डिटेन किया। सोमवार को पंडेर राजकीय अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए गए।
दोनों बुजुर्गों की मौत से गुलाबपुरा गांव में मातम छाया हुआ है। परिवारजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।


