
चित्तौड़गढ़ से भीलवाड़ा की ओर आ रही थी गांजे की खेप, DST और हमीरगढ़ पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ी एक्सयूवी-500; अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1.22 करोड़ रुपए
भीलवाड़ा। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत DST भीलवाड़ा और हमीरगढ़ थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गांजे की बड़ी खेप पकड़ी है। पुलिस ने NH-48 पर कंवाखेड़ी चौराहे के पास घेराबंदी कर एक महिंद्रा एक्सयूवी-500 कार को रुकवाया। तलाशी के दौरान कार की डिक्की और पिछली सीट के नीचे छिपाकर रखे गए 39 पैकेटों से कुल 243 किलो 630 ग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने कार सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार कर तस्करी में प्रयुक्त वाहन जब्त कर लिया है।
जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय राजेश आर्य और सदर वृत्ताधिकारी अंजली सिंह के निकटतम सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार 23 नवंबर की रात करीब 9:55 बजे DST टीम के कांस्टेबल बनवारी ने हमीरगढ़ थाना प्रभारी भंवरलाल को सूचना दी कि चित्तौड़गढ़ के गंगरार की तरफ से NH-48 होते हुए भीलवाड़ा आ रही एक सफेद रंग की एक्सयूवी-500 कार में मादक पदार्थ होने की आशंका है। DST टीम वाहन का पीछा कर रही थी। सूचना पर हमीरगढ़ थाना पुलिस जाप्ते के साथ रवाना हुई और रात करीब 10:15 बजे कंवाखेड़ी चौराहे पर पहुंचकर नाकाबंदी की।
इस दौरान पुलिस ने संदिग्ध कार और उसमें सवार दो व्यक्तियों को डिटेन कर लिया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम लोकेश गर्ग (29) निवासी रावला के पास, बबराणा, थाना बनेड़ा तथा दूसरे व्यक्ति ने अपना नाम सोनू गर्ग (28) निवासी नया खेड़ा, रूपाहेली खुर्द, लांबिया कलां, थाना रायला बताया।
कार की तलाशी लेने पर डिक्की और पिछली सीट के नीचे भूरे रंग की टेप से लिपटे 39 पैकेट मिले। पुलिस ने पैकेट खोलकर जांच की तो उनमें गांजे के फूल, कली और पत्तियां पाई गईं। तौल करने पर कुल वजन 243 किलो 630 ग्राम निकला। पुलिस ने NDPS एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। प्रकरण संख्या 189/2026 दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
1.22 करोड़ रुपए आंकी कीमत
पुलिस के अनुसार बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 22 लाख रुपए है। तस्करी में इस्तेमाल की गई महिंद्रा एक्सयूवी-500 कार (नंबर RJ02UA3855) भी जब्त की गई है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर गांजे की सप्लाई कहां से हुई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इसकी जानकारी जुटाने में लगी है।



