
भित्ति चित्र प्रदर्शनी, प्रश्नोत्तरी और संसद के 3D इंटरएक्टिव मॉडल रहे आकर्षण; ऋषभ चतुर्वेदी ने युवाओं को विकसित भारत-2047 के लिए किया प्रेरित
भीलवाड़ा | भीलवाड़ा लाइव अपडेट
भीलवाड़ा। संविधान दिवस के अवसर पर विद्या प्रोफेशनल एंड टेक्निकल कॉलेज में विकसित भारत युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में मेरा युवा भारत, भीलवाड़ा की ओर से आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को संविधान के महत्व, लोकतांत्रिक मूल्यों, नागरिक अधिकारों एवं राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता एवं यूथ आइकन ऋषभ चतुर्वेदी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए भारतीय संविधान की महत्ता और लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं से विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को साकार करने के लिए अभी से योजनाबद्ध तरीके से प्रयास करने, नवाचार को अपनाने तथा देश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
प्रदर्शनी और प्रश्नोत्तरी में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
महाविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग की ओर से संविधान आधारित भित्ति चित्र प्रदर्शनी एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में लक्षिता सोनी एवं राकेश बिश्नोई की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि त्रिशला काथेड़ एवं प्रज्ञा रानी सेन की टीम द्वितीय स्थान पर रही। विद्यार्थियों ने संविधान के विभिन्न पहलुओं और लोकतांत्रिक मूल्यों को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया।
प्रस्तावना का सामूहिक वाचन, मतदान की शपथ
कार्यक्रम के दूसरे सत्र में भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराया गया। साथ ही विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित करने तथा मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मतदान जागरूकता की शपथ दिलाई गई।
विद्यार्थियों की ओर से संसद भवन का 3D इंटरएक्टिव मॉडल तथा मौलिक अधिकारों एवं मौलिक कर्तव्यों पर आधारित मॉडल तैयार किए गए, जो कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षण रहे।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. सुमित्रा टेलर एवं श्रीमती अंजना लाखन ने किया। आयोजन महाविद्यालय निदेशक इंजीनियर गीता चौधरी, डॉ. अशोक कुमार चौधरी एवं प्राचार्य डॉ. जसवंत सिंह के आतिथ्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूक करते हुए जिम्मेदार नागरिक बनने और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया गया।
भीलवाड़ा लाइव अपडेट | हर खबर, सबसे पहले



