
सपी सागर राणा के नेतृत्व में पुलिस जाब्ता तैनात रहा; हेमराज रेगर ने मनीषा मीणा को 3 मतों से हराया
खजूरी | भीलवाड़ा लाइव अपडेट
खजूरी पंचायत समिति में प्रधान चुनाव के दौरान हुए विवाद और तनावपूर्ण माहौल के बाद शनिवार को उपप्रधान पद का चुनाव पुलिस प्रशासन की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। एसपी सागर राणा स्वयं खजूरी पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। भारी पुलिस जाब्ते की तैनाती के बीच मतदान प्रक्रिया पूरी करवाई गई और किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
उपप्रधान पद के चुनाव में कांग्रेस के 41 वर्षीय हेमराज रेगर निर्वाचित हुए। उन्होंने निकटतम प्रतिद्वंद्वी मनीषा मीणा को 3 मतों से हराया। हेमराज रेगर के पक्ष में 9 वोट पड़े, जबकि मनीषा मीणा को 6 मत मिले।
तनाव के बीच एसपी ने संभाली सुरक्षा व्यवस्था
प्रधान चुनाव के दिन हुए घटनाक्रम को देखते हुए पुलिस प्रशासन शनिवार को विशेष सतर्क रहा। एसपी सागर राणा के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों और जवानों की भारी संख्या में तैनाती की गई। एसपी स्वयं खजूरी पहुंचकर मौके की स्थिति का जायजा लेते रहे और संभावित तनाव वाले स्थानों का निरीक्षण किया।
सुबह विधायक गोपीचंद मीणा और एसपी सागर राणा के बीच कुछ देर गहमागहमी भी हुई, हालांकि बाद में मामला शांत हो गया। पुलिस प्रशासन की सतर्कता और सुरक्षा व्यवस्था के बीच उपप्रधान चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।
373 वोटों से जीतकर पहुंचे पंचायत समिति
नवनिर्वाचित उपप्रधान हेमराज रेगर शक्करगढ़ के रहने वाले हैं। उन्होंने पंचायत समिति सदस्य के चुनाव में वार्ड संख्या 8 से जीत दर्ज की थी। चुनाव में उन्होंने 373 मतों के अंतर से विजय हासिल की थी।
हेमराज रेगर पांचवीं कक्षा तक शिक्षित हैं। पंचायत समिति सदस्य के रूप में जीत के बाद अब उन्होंने उपप्रधान पद की जिम्मेदारी भी संभाल ली है।
प्रधान चुनाव के दौरान खजूरी में हुए विवाद के बाद दूसरे दिन उपप्रधान चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न होना पुलिस प्रशासन के लिए राहत भरा रहा।



