
भीलवाड़ा। दक्षिण पश्चिम राजस्थान अग्रवाल सम्मेलन द्वारा भगवान श्री अग्रसेन जी के जन्मोत्सव को इस बार सेवा कार्यों के साथ मनाया जाएगा। प्रदेश संरक्षक डॉ. अशोक सिंघल ने बताया कि 10 से 19 अक्टूबर तक शहर में विभिन्न सेवा प्रकल्प आयोजित किए जाएंगे।
सम्मेलन की ओर से भगवान अग्रसेन जी के ‘एक रुपया और एक ईंट’ के सिद्धांत को आगे बढ़ाते हुए सात प्रमुख सेवा संकल्प लिए गए हैं। इनमें घुमंतू बच्चों को भोजन व मिठाई वितरण, गौशाला में गौ पूजन व चारा-गुड़ का भोग, वृद्धाश्रम में बुजुर्गों की सेवा तथा मूक-बधिर विद्यालय में स्टेशनरी, तौलिए, पानी की बोतलें और खाद्य सामग्री वितरण शामिल है।
इसके अलावा 21 जरूरतमंद बच्चों को गोद लेकर उनकी शिक्षा, चिकित्सा और आवश्यक खर्च संगठन द्वारा वहन किया जाएगा। महालक्ष्मी मंदिर अग्रवाल भवन में सुंदरकांड और अग्र चालीसा का आयोजन भी होगा। सम्मेलन पदाधिकारियों ने बताया कि जन्मोत्सव को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।


