
कोटड़ी (भीलवाड़ा)।
कोटड़ी पंचायत समिति क्षेत्र में चुनावी सरगर्मियों के बीच शुक्रवार, 9 अक्टूबर को एक अप्रत्याशित स्थिति देखने को मिली। पंचायत समिति सदस्य (सीआर) पद के लिए आज नामांकन प्रक्रिया के दौरान एक भी प्रत्याशी ने पर्चा दाखिल नहीं किया। दिनभर निर्वाचन अधिकारी और संबंधित कर्मचारी कक्ष में प्रत्याशियों व समर्थकों की बाट जोहते रहे, लेकिन अंतिम समय तक एक भी नामांकन पत्र जमा नहीं हुआ।
प्रशासन द्वारा तय समय-सारणी के अनुसार सुबह से ही नामांकन काउंटर पर सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के पुख्ता इंतजामात किए गए थे। सुरक्षा के लिहाज से परिसर में पुलिस जाब्ता भी तैनात रहा। हालांकि, समय सीमा समाप्त होने तक किसी भी दावेदार के सामने न आने से प्रशासनिक कक्ष में सन्नाटा पसरा रहा।
स्थानीय राजनीतिक जानकारों के अनुसार, प्रमुख राजनीतिक दलों में टिकट वितरण को लेकर चल रही अंदरूनी खींचतान, संभावित दावेदारों के बीच सहमति न बन पाना और शुभ मुहूर्त को देखते हुए नामांकन टालना इसके पीछे का मुख्य कारण माना जा रहा है। कयास लगाए जा रहे हैं कि आगामी दिनों में नामांकन के अंतिम चरणों के दौरान भारी संख्या में प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ शक्ति प्रदर्शन करते हुए पर्चा दाखिल करेंगे।


