📅

हर खबर, सबसे पहले • आस्था • परंपरा • संस्कृति • आपकी खबर

ब्रेकिंग

पंचायत चुनाव: प्रिंटिंग प्रेसों पर प्रशासन की पैनी नजर, बिना मुद्रक-प्रकाशक की जानकारी के चुनावी सामग्री छापना पड़ेगा भारी

WhatsAppFacebookXTelegram

भीलवाड़ा। आगामी पंचायत आम चुनाव-2026 के मद्देनजर जिला प्रशासन ने प्रचार सामग्री की छपाई को लेकर सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। चुनाव में इस्तेमाल होने वाले पोस्टरों, पर्चों, विज्ञापनों और हैंडबिलों पर अब मनमानी नहीं चलेगी। किसी भी प्रकार की चुनावी सामग्री छापने से पहले प्रिंटिंग प्रेस संचालकों को तय कानूनी प्रक्रियाओं से गुजरना होगा, वरना सीधे कानूनी शिकंजे में आने का खतरा रहेगा।

जिला मजिस्ट्रेट जसमीत सिंह संधू ने लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम-1951 (धारा 127-क) और चुनाव आयोग की गाइडलाइंस का हवाला देते हुए जिले के सभी मुद्रणालय संचालकों को सख्त हिदायत दी है। इसका मुख्य उद्देश्य भ्रामक और आपत्तिजनक चुनावी सामग्री के प्रसार पर नकेल कसना है।

अनिवार्य होंगी ये औपचारिकताएं:

 मुद्रक व प्रकाशक का ब्योरा जरूरी: हर छोटे-बड़े चुनावी पोस्टर या पम्पलेट पर छापने वाले (प्रिंटर) और छपवाने वाले (प्रकाशक) का नाम तथा पूरा पता स्पष्ट अक्षरों में दर्ज होना चाहिए।

 दो गवाहों के सत्यापन के बाद ही छपेगा ऑर्डर: सामग्री छापने से पहले संबंधित व्यक्ति से निर्धारित प्रपत्र में डिक्लेरेशन (घोषणा पत्र) लेना होगा। इस पर प्रकाशक के हस्ताक्षर के अलावा उसकी पुष्टि करने वाले दो स्थानीय गवाहों के दस्तखत भी अनिवार्य होंगे।

 72 घंटे में सौंपना होगा पूरा लेखा-जोखा: ऑर्डर पूरा होने के तीन दिनों के भीतर प्रिंटिंग प्रेस संचालक को प्रचार सामग्री की चार कॉपियां, खर्च का बिल और संख्या का पूरा ब्योरा प्रशासन को उपलब्ध कराना होगा।

लाइसेंस पर लटक सकती है तलवार

प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि नियमों की अनदेखी करने पर केवल जुर्माना ही नहीं, बल्कि प्रिंटिंग प्रेस के खिलाफ कानूनी वाद दायर करने के साथ-साथ उसकी संचालन अनुमति (लाइसेंस) को भी निरस्त किया जा सकता है। निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाए रखने के लिए इस पूरी व्यवस्था की सीधी मॉनिटरिंग की जाएगी।

भीलवाड़ा की हर खबर सबसे पहले पाने के लिए हमसे जुड़ें

या ईमेल पर पाएं ताज़ा खबरें: