
भीलवाड़ा | भीलवाड़ा लाइव अपडेट
भीलवाड़ा जिले के पुर थाना क्षेत्र में रविवार को एक सड़क हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। बोरड़ा गांव के पास खेत पर पैदल जा रहे दो सगे भाइयों को एक ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। हादसे में 33 वर्षीय राजू मीणा गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसका छोटा भाई दिनेश बाल-बाल बच गया। परिजन राजू को तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
खेत जाने के दौरान हुआ हादसा
पुर थाने के सहायक उपनिरीक्षक कैलाश चंद्र मीणा के अनुसार, किशनावतो की खेड़ी निवासी किशन लाल मीणा के बेटे राजू और दिनेश रविवार दोपहर पैदल खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बोरड़ा गांव के पास एक स्वराज ट्रैक्टर के चालक ने कथित तौर पर तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए राजू को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। साथ चल रहा उसका भाई दिनेश इस हादसे में सुरक्षित बच गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
घटना के बाद घायल राजू को परिजन और स्थानीय लोग जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलने पर पुर थाना पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और आवश्यक जानकारी जुटाई। पुलिस ने जिला अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
परिवार में पसरा शोक
राजू की मौत की खबर मिलते ही किशनावतो की खेड़ी गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार के एक सदस्य की अचानक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में कुछ देर पहले तक सामान्य दिनचर्या चल रही थी, वहां अब मातम पसरा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।


