
राजस्थान की दो विजेता टीमें राष्ट्रीय स्तर पर करेंगी प्रतिनिधित्व, 231 शाखाओं के 3,861 विद्यालयों के 6.09 लाख विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
भीलवाड़ा।पंकज पोरवाल
वस्त्रनगरी भीलवाड़ा में रविवार को भारत की संस्कृति, इतिहास और राष्ट्रप्रेम से जुड़े ज्ञान का अनूठा संगम देखने को मिला। भारत विकास परिषद उत्तर पश्चिम क्षेत्र (राजस्थान) की ओर से राजस्थान मध्य प्रांत एवं स्वामी विवेकानंद शाखा के आतिथ्य में क्षेत्र स्तरीय ‘भारत को जानो’ प्रतियोगिता आयोजित की गई। ब्रिटिश इंटरनेशनल स्कूल में हुई प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे विद्यार्थियों ने आठ चरणों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के वरिष्ठ और कनिष्ठ वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली दोनों टीमें अब राष्ट्रीय स्तर पर राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेंगी। यह प्रतियोगिता 17 जनवरी 2027 को बिहार के गया में आयोजित होगी।
क्षेत्रीय महासचिव सीए संदीप बाल्दी ने बताया कि वर्ष 2001 से आयोजित हो रही इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, इतिहास, राष्ट्रीय मूल्यों और राष्ट्रभक्ति से जोड़ना है। इस वर्ष परिषद की 231 शाखाओं के माध्यम से 3,861 विद्यालयों के 6,09,449 विद्यार्थियों ने लिखित प्रतियोगिता में भाग लिया। शाखा और प्रांत स्तर पर चयनित प्रतिभागियों ने भीलवाड़ा में आयोजित क्षेत्रीय मुकाबले में हिस्सा लिया।
आठ राउंड में परखी विद्यार्थियों की प्रतिभा
प्रतियोगिता के दूसरे सत्र में वरिष्ठ एवं कनिष्ठ वर्ग के मुकाबले आठ अलग-अलग राउंड में हुए। इनमें भारत दर्शन, उदयमान भारत, नवनीत भारत, विज्ञान की उड़ान, ज्ञानतरंग, ज्ञान का महापंच, सूत्र समाधान और मास्टर स्ट्रोक रैपिड फायर शामिल रहे।
आधुनिक तकनीक और बजर प्रणाली के जरिए आयोजित प्रतियोगिता में विद्यार्थियों के सामान्य ज्ञान के साथ उनकी त्वरित निर्णय क्षमता भी परखी गई। धर्म, संस्कृति, इतिहास, भूगोल, कला, समसामयिक घटनाओं, विज्ञान, खेलकूद और पुरस्कारों से संबंधित प्रश्न पूछे गए। उद्घाटन समारोह में अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद सामूहिक वंदे मातरम् गान हुआ।
संत बोले- धर्म और संस्कृति की रक्षा प्रत्येक सनातनी की जिम्मेदारी
समापन समारोह में मुख्य अतिथि सांसद दामोदर अग्रवाल और संगम ग्रुप के वाइस चेयरमैन डॉ. एसएन मोदानी ने विजेता एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। विशिष्ट अतिथि संत विष्णु कृष्ण तनय ने कहा कि धर्म और संस्कृति को बनाए रखना प्रत्येक सनातनी की जिम्मेदारी है।
सांसद दामोदर अग्रवाल ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवा पीढ़ी की सकारात्मक सोच, समर्पण और संस्कारों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, ज्ञान और आत्मविश्वास बढ़ाती हैं।
डॉ. एसएन मोदानी ने कहा कि संस्कारों के साथ स्वच्छता, नागरिक अनुशासन और सामाजिक दायित्वों का निर्वहन भी जरूरी है। राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री मुकेश जैन ने विद्यार्थियों को निरंतर प्रयास और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
वरिष्ठ वर्ग में छीपाबड़ौद और कनिष्ठ में भिवाड़ी अव्वल
प्रतियोगिता के परिणामों में वरिष्ठ वर्ग में दक्षिण पूर्व प्रांत की छीपाबड़ौद शाखा के सेवा भारती बाल विद्या मंदिर के केशव मालव और शुभम नागर ने प्रथम स्थान हासिल किया। श्रीगंगानगर की महाराणा प्रताप शाखा के शाह सतनाम जी बॉयज स्कूल के अमरेंद्र खुंगर और रणवीर जांगू दूसरे तथा आसपुर के सनराइज पब्लिक उच्च माध्यमिक विद्यालय के लक्ष कुमार सुथार और वंश भट्ट तीसरे स्थान पर रहे।
कनिष्ठ वर्ग में भिवाड़ी शाखा के राठ इंटरनेशनल स्कूल के कजिश चौहान और विहान अरोड़ा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। श्रीगंगानगर के शाह सतनाम जी बॉयज स्कूल के साहिल भादू और प्रतीक सहारण दूसरे तथा करौली की स्वामी विवेकानंद शाखा के जूपिटर पब्लिक स्कूल, हिंडौन सिटी की नंदिनी चौधरी और नंदिनी तीसरे स्थान पर रहीं।
दोनों वर्गों की प्रथम स्थान प्राप्त टीमें 17 जनवरी 2027 को गया (बिहार) में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेंगी।
तकनीकी और समयबद्ध आयोजन की सराहना
प्रतियोगिता में क्विज मास्टर की भूमिका सुनीता जोली, आदित्य, सीए संदीप बाल्दी और मुकेश लाठी ने निभाई। तकनीकी संचालन में दलपत सिंह राठौड़, अमित सोनी, कैलाश आचार्य और अमित काबरा ने सहयोग किया। प्रांतीय महासचिव आनंद सिंह राठौड़ ने आयोजन को सुव्यवस्थित, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने में सहयोग देने वाले सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार जताया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय, क्षेत्रीय एवं प्रांतीय पदाधिकारियों सहित लोकेश मित्तल, गोविंद प्रसाद सोडानी और विभिन्न शाखाओं के कार्यकर्ता मौजूद रहे। मंच संचालन सुमित जागेटिया, रिंकू सोमानी और शारदा दरगड़ ने किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।



