
मांडलगढ़। थाना क्षेत्र के आलिया-गुड़ेश्वर महादेव मंदिर मार्ग पर सोमवार दोपहर सड़क किनारे एक बुजुर्ग का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव की शिनाख्त आलिया में अपने ससुराल में रह रहे मोडूराम भील (60) के रूप में की गई।
जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 2 बजे पुलिस को सीसी रोड के किनारे एक व्यक्ति के मृत अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली। सहायक उप निरीक्षक रघुवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। शव मिलने की जानकारी फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने शव का निरीक्षण किया, लेकिन शरीर पर चोट के कोई स्पष्ट निशान नहीं मिले।
मृतक का बेटा रमेश भील भीलवाड़ा में मजदूरी करता है। पिता की मौत की सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचा और शव की पहचान की। पुलिस के अनुसार, रमेश ने पिता की मौत को लेकर किसी तरह का संदेह जाहिर नहीं किया। साथ ही उसने पोस्टमार्टम कराने से भी इनकार कर दिया।
परिजनों की सहमति के बाद पुलिस ने बिना पोस्टमार्टम के शव उन्हें सौंप दिया। पुलिस को ग्रामीणों से जानकारी मिली कि बुजुर्ग को मृत्यु की सूचना मिलने से करीब दो घंटे पहले तक क्षेत्र में आते-जाते देखा गया था। प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण हार्ट अटैक अथवा किसी बीमारी को माना जा रहा है। हालांकि, मृत्यु के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।


