📅

हर खबर, सबसे पहले • आस्था • परंपरा • संस्कृति • आपकी खबर

,

आगूंचा में विस्फोट से मची दहशत, एक्सप्लोसिव से भरी पिकअप के उड़े परखच्चे; चालक की मौत

WhatsAppFacebookXTelegram
घटना को वीडियो देखने के लिए फोटो पर क्लिक करे 👆🏻

भीलवाड़ा जिले के आगूंचा कस्बे में सोमवार सुबह एक जोरदार धमाके ने लोगों को दहला दिया। मोक्षधाम मार्ग स्थित एक नोहरे में खड़ी एक्सप्लोसिव सामग्री से भरी पिकअप में अचानक विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और चालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद कस्बे में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के मकानों को भी नुकसान पहुंचने की सूचना है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

नोहरे में खड़ी थी विस्फोटक सामग्री से भरी पिकअप

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 11 बजे कस्बे में रामदेव पुत्र हीरालाल खटीक के मोक्षधाम मार्ग स्थित नोहरे में एक्सप्लोसिव से भरी पिकअप खड़ी थी। इसी दौरान अचानक जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। अचानक हुए धमाके से घबराए लोग घरों से बाहर निकल आए और घटनास्थल की ओर लोगों की भीड़ जुटने लगी।

बूंदी निवासी चालक ने मौके पर तोड़ा दम

हादसे में पिकअप चालक रामावतार, निवासी बूंदी, की मौके पर ही मौत हो गई। विस्फोट की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। ग्रामीणों के अनुसार, धमाके का असर आसपास के मकानों तक भी पहुंचा और कुछ घरों को नुकसान होने की आशंका है। हालांकि, मकानों को हुए नुकसान की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

पुलिस ने घेरा घटनास्थल, जांच शुरू

धमाके की सूचना मिलते ही आगूंचा चौकी प्रभारी और गुलाबपुरा थाना प्रभारी संजय गुर्जर पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर सुरक्षा व्यवस्था संभाली और लोगों को घटनास्थल से दूर रहने के निर्देश दिए, ताकि किसी अन्य अनहोनी से बचा जा सके।

कहां से आया विस्फोटक, जांच में जुटा प्रशासन

घटना के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि पिकअप में किस प्रकार की विस्फोटक सामग्री भरी थी, उसे कहां ले जाया जा रहा था और वाहन में इतनी सामग्री रखने की अनुमति थी या नहीं। पुलिस और प्रशासन इन सभी पहलुओं की जांच में जुटे हैं। विस्फोट के कारणों का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक टीम की मदद लिए जाने की जानकारी भी सामने आई है।

फिलहाल विस्फोट के वास्तविक कारणों और आसपास के मकानों को हुए नुकसान की स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार है। इस घटना के बाद आगूंचा कस्बे में दहशत का माहौल है।

भीलवाड़ा की हर खबर सबसे पहले पाने के लिए हमसे जुड़ें

या ईमेल पर पाएं ताज़ा खबरें: