
मांडलगढ़ के सांवतजी का खेड़ा गांव की घटना, मृतक के भाई ने तीन सहित अन्य लोगों पर लगाए आरोप; पोस्टमार्टम के बाद खुलेगा मौत का राज
भीलवाड़ा। जिले के मांडलगढ़ थाना क्षेत्र के सांवतजी का खेड़ा गांव में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब खेत में नीम के पेड़ से 32 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों और परिजनों की भीड़ मौके पर जुट गई। परिजनों ने युवक की मौत को आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई और मामले में कार्रवाई की मांग की। इस दौरान मौके पर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।
पत्नी ने सबसे पहले देखा शव
मांडलगढ़ थाना प्रभारी राजकुमार नायक के अनुसार, सांवतजी का खेड़ा निवासी जगदीश (32) पुत्र ईश्वर बंजारा का शव शुक्रवार सुबह खेत में नीम के पेड़ से लटका मिला। सुबह जब उसकी पत्नी खेत पर पहुंची, तो उसने पति का शव देखा। इसके बाद उसने परिजनों और ग्रामीणों को सूचना दी। घटना की खबर फैलते ही गांव में शोक और आक्रोश का माहौल हो गया।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
मौके पर पहुंचे परिजनों ने आरोप लगाया कि जगदीश ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसकी हत्या कर शव को पेड़ से लटकाया गया है। मृतक के भाई लादू ने राजू, प्रकाश और अन्य लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी है। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस के आश्वासन पर शांत हुए ग्रामीण
घटना के बाद उपजे आक्रोश और हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को निष्पक्ष जांच और नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद स्थिति शांत हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मांडलगढ़ चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।


