
नई दिल्ली। पांच बार की आईपीएल चैंपियन मुंबई इंडियंस ने वेस्टइंडीज के दिग्गज ऑलराउंडर कायरन पोलार्ड को मुख्य कोच की जिम्मेदारी सौंपी है। लंबे समय से फ्रेंचाइजी से जुड़े पोलार्ड पहले सहायक कोच की भूमिका निभा रहे थे। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद उन्होंने दक्षिण अफ्रीका की टी20 लीग SA20 से हटने का फैसला किया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पोलार्ड को SA20 की फ्रेंचाइजी जोबर्ग सुपर किंग्स ने आगामी सीजन के लिए टीम में शामिल किया था। उन्हें इस लीग में खेलना था, लेकिन अब वह टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं लेंगे।
IPL की तैयारियों पर रहेगा ध्यान
SA20 लीग का आगामी सीजन 17 जनवरी से 21 फरवरी तक प्रस्तावित है, जबकि आईपीएल का आयोजन मार्च में शुरू होने की संभावना है। ऐसे में पोलार्ड मुंबई इंडियंस के कोच के रूप में टीम की तैयारियों पर ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं। मुंबई इंडियंस की एक अन्य फ्रेंचाइजी एमआई केपटाउन भी SA20 में खेलती है, जिसके लिए पोलार्ड पहले मैदान पर उतर चुके हैं।
मुंबई मैनेजमेंट ने नहीं दिया कोई निर्देश
रिपोर्ट के अनुसार, मुंबई इंडियंस के प्रबंधन को पोलार्ड के SA20 में खेलने से कोई आपत्ति नहीं थी। फ्रेंचाइजी से जुड़े सूत्रों के हवाले से कहा गया कि यह फैसला पूरी तरह पोलार्ड पर निर्भर था और प्रबंधन की ओर से उन्हें कोई विशेष निर्देश नहीं दिया गया था।
खिताबी सूखा खत्म करने की चुनौती
मुंबई इंडियंस ने आखिरी बार 2020 में आईपीएल का खिताब जीता था। इसके बाद टीम खिताब हासिल नहीं कर सकी है। अब मुख्य कोच के रूप में पोलार्ड के सामने टीम को बेहतर तैयारी के साथ मैदान में उतारने और आगामी सीजन में खिताब की दौड़ में मजबूत प्रदर्शन कराने की चुनौती होगी।


