
अहमदाबाद में जिंदगी की जंग लड़ रही पीड़िता; आरोपियों की गिरफ्तारी और सोने की चेन बरामदगी की मांग, कार्रवाई नहीं होने पर चक्का जाम की चेतावनी
भीलवाड़ा। सुभाष नगर थाना क्षेत्र में स्वर्णकार समाज आरक्षण संघर्ष समिति के उपाध्यक्ष विष्णु बेनाथिया (सोनी) की पत्नी जयश्री सोनी के साथ चेन स्नेचिंग और जानलेवा हमले के मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर स्वर्णकार समाज में आक्रोश है। समिति ने जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की गिरफ्तारी और लूटे गए आभूषण की बरामदगी की मांग की है। समिति ने पुलिस को सात दिन का अल्टीमेटम देते हुए कार्रवाई नहीं होने पर जिलेभर में आंदोलन और चक्का जाम की चेतावनी दी है।
नकाबपोश बदमाशों ने की थी वारदात
समिति के अनुसार, 15 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 3:15 बजे जयश्री सोनी के गले से नकाबपोश बदमाश करीब 35 ग्राम 800 मिलीग्राम सोने की चेन झपटकर ले गए। आरोप है कि बदमाशों ने उन पर हमला कर उन्हें नीचे गिरा दिया, जिससे सिर में गंभीर चोटें आईं। गंभीर हालत में उन्हें अहमदाबाद (गुजरात) रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस पर मामला दबाने का आरोप
पीड़िता की पुत्री वंशिका सोनी ने 16 अगस्त को सुभाष नगर थाने में रिपोर्ट दी थी। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 304(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच सहायक उपनिरीक्षक रामप्रसाद मीना को सौंपी थी।
समिति ने आरोप लगाया कि घटना के बाद पर्याप्त समय बीतने के बावजूद पुलिस न तो आरोपियों की पहचान कर सकी और न ही लूटी गई चेन बरामद हुई। ज्ञापन में मामले में अंतिम रिपोर्ट (FR) लगाने की आशंका जताते हुए पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए गए हैं। समिति ने प्रकरण में लूट और हमले से संबंधित अन्य धाराएं जोड़कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की भी मांग की है।
सात दिन में कार्रवाई नहीं तो चक्का जाम
समिति की प्रमुख मांगें हैं कि दोनों नकाबपोश आरोपियों को सात दिन के भीतर हिरासत में लेकर लूटा गया आभूषण बरामद किया जाए तथा मामले में उचित कानूनी धाराएं जोड़कर कार्रवाई की जाए।
समिति पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि निर्धारित अवधि में ठोस कार्रवाई नहीं होने पर जिलेभर में विरोध प्रदर्शन, आंदोलन और चक्का जाम किया जाएगा। समिति ने इसकी जिम्मेदारी पुलिस और प्रशासन पर तय करने की बात कही है।
नोट: पुलिस का आधिकारिक पक्ष उपलब्ध नहीं होने के कारण मामले में लगाए गए आरोप समिति के ज्ञापन के आधार पर प्रस्तुत किए गए हैं।


