
बीकानेर से लाया जा रहा था मावा, भदाली खेड़ा चौराहे पर बस रुकवाकर की जांच; मिलावट की आशंका के चलते विभाग ने सामग्री जब्त की
भीलवाड़ा। दीपावली से पहले मिठाइयों में इस्तेमाल होने वाले मावे की सप्लाई पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने निगरानी तेज कर दी है। बुधवार तड़के विभागीय टीम ने भदाली खेड़ा चौराहे पर बीकानेर से भीलवाड़ा आ रही एक ट्रैवल्स बस को रुकवाकर जांच की। तलाशी के दौरान बस में करीब 500 किलो मावा मिला। हैरानी की बात यह रही कि जब्त मावे की जिम्मेदारी लेने के लिए मौके पर कोई व्यक्ति सामने नहीं आया।
जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देश पर जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अज्ञात सूत्रों से मिली सूचना पर बुधवार सुबह करीब 4 बजे खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम भदाली खेड़ा चौराहे पहुंची और बस का निरीक्षण किया।
बस में बड़ी मात्रा में मिला मावा
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि डॉ. दिलराज मीणा के नेतृत्व में टीम ने बस की जांच की। इस दौरान करीब 500 किलो मावा मिला, जिसे विभाग ने अपने कब्जे में लेकर जब्ती की कार्रवाई की।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मावा बीकानेर से भीलवाड़ा लाया जा रहा था। हालांकि, जब्त सामग्री पर अपना दावा पेश करने या उसे लेने के लिए कोई व्यक्ति मौके पर नहीं पहुंचा। विभाग ने मावे को जब्त कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मावे की गुणवत्ता और शुद्धता को लेकर जांच की प्रक्रिया की जा रही है।
त्योहारी मांग के बीच बढ़ी निगरानी
दीपावली पर मिठाइयों की खपत बढ़ने के साथ ही मिलावटी खाद्य सामग्री बाजार में पहुंचने की आशंका रहती है। इसे देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने परिवहन से लेकर भंडारण और बिक्री तक निगरानी बढ़ा दी है। विभाग की टीमें लगातार अलग-अलग स्थानों पर जांच कर रही हैं।
मिलावट की सूचना यहां दें
सीएमएचओ डॉ. शर्मा ने आमजन से अपील की है कि कहीं भी मिलावटी खाद्य पदार्थ, अवधिपार सामग्री की बिक्री या संदिग्ध खाद्य सामग्री के भंडारण की जानकारी मिले तो जिला स्तरीय कंट्रोल रूम के नंबर 01482-232643 पर सूचना दें।



