📅

हर खबर, सबसे पहले • आस्था • परंपरा • संस्कृति • आपकी खबर

ब्रेकिंग

,

भीलवाड़ा में अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी, दाएं हाथ पर गुदा है ‘मुकेश संग सीमा’; पहचान में जुटी पुलिस

WhatsAppFacebookXTelegram

भीलवाड़ा | भीलवाड़ा लाइव अपडेट

भीलवाड़ा शहर में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हलचल मच गई। कोतवाली थाना क्षेत्र में अरिहंत हॉस्पिटल के पास एक दुकान के बाहर फर्श पर सोए मिले करीब 30 से 35 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर मृतक की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं।

कोतवाली पुलिस के अनुसार 7 नवंबर 2026 को सुबह करीब 10 बजे व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिली थी। मृतक के सिर पर लंबे काले बाल हैं तथा चेहरे पर हल्की दाढ़ी और मूंछ है। आसपास के लोगों से मिली प्रारंभिक जानकारी के आधार पर उसके बंजारा समुदाय से संबंधित होने की संभावना जताई जा रही है।

दाएं हाथ पर लिखा मिला ‘मुकेश संग सीमा’

मृतक की पहचान के लिए उसके शरीर पर बना एक खास निशान महत्वपूर्ण सुराग बन सकता है। उसके दाएं हाथ पर नीले रंग से ‘मुकेश संग सीमा’ लिखा हुआ है। मृतक ने काले रंग की शर्ट और ग्रे रंग की पेंट पहन रखी थी। इसके अलावा दोनों हाथों में चांदी जैसी धातु की चेन भी पहनी हुई थी।

पुलिस ने जारी किया पहचान का इश्तहार

मृतक की शिनाख्त नहीं होने पर कोतवाली थाना पुलिस ने इश्तहार जारी कर आमजन से सहयोग मांगा है। पुलिस ने जिले के सभी थाना क्षेत्रों से अपील की है कि इस हुलिए से मेल खाने वाले किसी व्यक्ति की गुमशुदगी दर्ज हो या उसके संबंध में कोई जानकारी हो तो तत्काल सूचना दें।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान से जुड़ी कोई भी जानकारी रखने वाला व्यक्ति कोतवाली थाना भीलवाड़ा से संपर्क कर सकता है। पहचान होने तक शव को महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है।

भीलवाड़ा लाइव अपडेट | हर खबर, सबसे पहले

भीलवाड़ा की हर खबर सबसे पहले पाने के लिए हमसे जुड़ें

या ईमेल पर पाएं ताज़ा खबरें: