
भीलवाड़ा। हमीरगढ़ क्षेत्र की ग्राम पंचायत बिलिया कलां में देर रात अज्ञात लोगों ने बलाई समाज के सामुदायिक भवन को निशाना बनाते हुए जेसीबी मशीन से तोड़फोड़ कर दी। अचानक हुई इस घटना से गांव में हड़कंप मच गया। सुबह जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में समाजजन और ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए और घटना के प्रति नाराजगी जताई।
जानकारी के अनुसार, देर रात कुछ अज्ञात लोग जेसीबी मशीन लेकर बलाई समाज के सामुदायिक भवन पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने जेसीबी से भवन की दीवारों को तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया। मशीन की तेज आवाज सुनकर ग्रामीण जागे और घटनास्थल की ओर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुके थे।
घटना के बाद ग्रामीणों ने हमीरगढ़ पुलिस चौकी को सूचना दी। इसके बाद सुबह पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा और घटनास्थल का निरीक्षण कर नुकसान की जानकारी जुटाई।
आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
सामुदायिक भवन में तोड़फोड़ की घटना को लेकर बलाई समाज के लोगों में भारी आक्रोश है। समाजजन और ग्रामीणों ने एकत्रित होकर घटना की निंदा की तथा पुलिस प्रशासन से आरोपियों की जल्द पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
ग्रामीणों ने घटना में इस्तेमाल की गई जेसीबी मशीन के मालिक और तोड़फोड़ में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर दोषियों को बेनकाब करने की मांग उठाई है। फिलहाल घटना के पीछे के कारणों और इसमें शामिल लोगों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।



