📅

हर खबर, सबसे पहले • आस्था • परंपरा • संस्कृति • आपकी खबर

ब्रेकिंग

,

भीलवाड़ा में आश्रम को भी नहीं छोड़ा चोरों ने, ताले तोड़कर सिलेंडर-पंखे चुराए; जमकर की तोड़फोड़

WhatsAppFacebookXTelegram

हरणी महादेव रोड स्थित ओशो उपवन आश्रम में वारदात, कमरों का सामान बिखेरा; पुलिस ने जुटाए फिंगरप्रिंट और तकनीकी साक्ष्य

भीलवाड़ा। शहर में चोरी की वारदातों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब चोरों ने शहर के निकट हरणी महादेव रोड स्थित ओशो उपवन आश्रम को निशाना बनाया। बदमाशों ने रात के अंधेरे में आश्रम के मुख्य गेट का ताला तोड़कर प्रवेश किया और गैस सिलेंडर, पंखे सहित कई कीमती सामान चोरी कर लिए। वारदात के दौरान आश्रम के कमरों में जमकर तोड़फोड़ भी की गई और सामान को अस्त-व्यस्त कर दिया गया।

सुबह आश्रम पहुंचे तो टूटा मिला ताला

आश्रम सूत्रों के अनुसार, गुरुवार सुबह जब आश्रम से जुड़े लोग वहां पहुंचे तो मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाने पर कमरों में सामान बिखरा पड़ा था। अलमारियों और अन्य वस्तुओं को भी नुकसान पहुंचाया गया था। जांच करने पर गैस सिलेंडर, पंखे सहित कई सामान गायब मिले।

चोरी के बाद कमरों में मचाया उत्पात

बदमाशों ने आश्रम के कमरों को खंगालते हुए वहां रखे सामान को भी नुकसान पहुंचाया। घटनास्थल की स्थिति से अंदेशा जताया जा रहा है कि चोरों ने चोरी के साथ काफी देर तक आश्रम में तोड़फोड़ की।

पुलिस ने जुटाए तकनीकी साक्ष्य

वारदात की सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मोबाइल इन्वेस्टिगेशन यूनिट ने घटनास्थल का निरीक्षण कर फिंगरप्रिंट सहित अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटाए। आश्रम संचालक तीर्थदास की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों का सुराग लगाने में जुटी है।

पुलिस गश्त को लेकर उठे सवाल

शांत क्षेत्र में स्थित धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थल पर चोरी और तोड़फोड़ की घटना से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि चोर अब सूने मकानों और दुकानों के साथ धार्मिक स्थलों को भी निशाना बनाने से नहीं चूक रहे हैं। लगातार सामने आ रही वारदातों के बीच पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

भीलवाड़ा लाइव अपडेट

भीलवाड़ा की हर खबर सबसे पहले पाने के लिए हमसे जुड़ें

या ईमेल पर पाएं ताज़ा खबरें: