
घनी आबादी के बीच बड़ा हादसा टला, घटिया निर्माण और विभागीय लापरवाही के आरोप; बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित रहवासी
भीलवाड़ा। शहर के बापू नगर क्षेत्र में मेजा बांध की नहर के निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। नहर में पानी छोड़े जाने के कुछ ही समय बाद हाल ही में बनाई गई नई दीवार भरभराकर ढह गई। घटना के बाद स्थानीय निवासियों में आक्रोश है। लोगों ने निर्माण कार्य में घटिया सामग्री के इस्तेमाल और तकनीकी मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए सिंचाई विभाग के अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं।
स्थानीय निवासी भगवान लाल नोलखा सहित अन्य लोगों का आरोप है कि नहर की मरम्मत और दीवार निर्माण के दौरान गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया। पुरानी और कमजोर नींव पर ही नई दीवार खड़ी कर दी गई। इसके अलावा पर्याप्त गहराई तक नींव नहीं खोदने और निर्माण के बाद जरूरी तराई नहीं करने की बात भी सामने आई है। रहवासियों का कहना है कि इसी वजह से नहर में पानी का दबाव पड़ते ही नई दीवार टिक नहीं पाई और ढह गई।
बच्चों की आवाजाही वाले क्षेत्र में खतरा
नहर घनी आबादी के बीच से गुजरती है और इसके आसपास आवासीय कॉलोनियां तथा पार्क स्थित हैं। यहां शाम के समय बड़ी संख्या में बच्चे खेलने आते हैं। ऐसे में नहर की दीवार ढहने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, नहर के आसपास पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं है और कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइट भी बंद रहती हैं। इसके साथ ही नहर के किनारे सुरक्षा दीवार, जालियां या फेंसिंग नहीं होने से दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
रहवासियों का दावा है कि पूर्व में भी इस नहर में गिरने से दुर्घटनाएं और जनहानि हो चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए।
चेतावनी के बावजूद छोड़ा पानी, अधिकारियों पर उठे सवाल
क्षेत्रवासियों का कहना है कि उन्होंने निर्माण कार्य पूरा होने और दीवार की मजबूती सुनिश्चित होने तक नहर में पानी नहीं छोड़ने की मांग सिंचाई विभाग के अधिकारियों से पहले ही की थी। इसके बावजूद निर्माण कार्य पूरी तरह सुरक्षित नहीं होने के दौरान ही नहर में पानी छोड़ दिया गया। लोगों ने आरोप लगाया कि अधिकारियों की अनदेखी के चलते यह स्थिति बनी।
मजबूत निर्माण और सुरक्षा इंतजाम की मांग
घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने ढही हुई दीवार का दोबारा गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराने, पूरे कार्य की तकनीकी जांच करवाने और जिम्मेदारों की जवाबदेही तय करने की मांग की है। साथ ही नहर के आसपास सुरक्षा जालियां, बैरिकेडिंग और पर्याप्त स्ट्रीट लाइट लगाने की भी मांग उठाई है।
लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में कोई गंभीर हादसा हो सकता है। ऐसे में सवाल यह है कि क्या सिंचाई विभाग किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है?



