
चुनाव के चौथे चरण ने बदल दी किस्मत, पहले चरण में चुनाव होते तो उम्र के कारण नहीं भर पातीं नामांकन; कांग्रेस ने 21 में से 20 सीटें जीतकर बनाया बहुमत
जैसलमेर। राजस्थान की पंचायतीराज राजनीति में जैसलमेर की संतोष कुमारी ने इतिहास रच दिया है। महज 21 साल की उम्र में वे प्रदेश की सबसे कम उम्र की जिला प्रमुख बन गई हैं। कांग्रेस प्रत्याशी संतोष कुमारी जिला प्रमुख पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुई हैं। चुनाव के चरण में बदलाव के चलते वे जिला प्रमुख बनने की दौड़ में शामिल हो सकीं, क्योंकि यदि जैसलमेर में पंचायत चुनाव पहले चरण में होते तो नामांकन के समय उनकी उम्र निर्धारित 21 वर्ष से दो दिन कम होती।
संतोष कुमारी का जन्म 15 अक्टूबर 2005 को हुआ था। जैसलमेर में पंचायत चुनाव चौथे चरण में होने के कारण उन्हें चुनाव लड़ने के लिए निर्धारित न्यूनतम आयु पूरी करने का अवसर मिला। जिला प्रमुख पद के लिए बुधवार को शुभ मुहूर्त में सुबह 10:47 बजे कांग्रेस की ओर से उनका नामांकन दाखिल किया गया। किसी अन्य प्रत्याशी के नामांकन नहीं करने से उनका निर्विरोध निर्वाचन हुआ।
कांग्रेस ने 21 में से 20 वार्डों में दर्ज की जीत
जैसलमेर जिला परिषद के कुल 21 वार्डों में कांग्रेस ने 20 सीटों पर जीत हासिल कर स्पष्ट बहुमत प्राप्त किया। वार्ड संख्या 21 से चुनाव मैदान में उतरी संतोष कुमारी ने भाजपा प्रत्याशी लक्ष्मी को 6,137 मतों के बड़े अंतर से पराजित किया। पार्टी के स्पष्ट बहुमत के चलते जिला प्रमुख चुनाव में उनके सामने कोई प्रत्याशी नहीं आया और वे निर्विरोध जिला प्रमुख चुनी गईं।
चुनाव के चरण ने पूरा किया उम्र का गणित
संतोष कुमारी के निर्वाचन की सबसे खास बात उनकी उम्र रही। यदि जैसलमेर में पंचायत चुनाव पहले चरण में होते तो 13 अक्टूबर को नामांकन के दौरान उनकी उम्र 21 वर्ष पूरी नहीं होती और वे चुनाव लड़ने के लिए अयोग्य रहतीं। लेकिन चौथे चरण में चुनाव होने के कारण नामांकन के समय उनकी उम्र 21 वर्ष और 19 दिन हो चुकी थी।
अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए आरक्षित सीट पर परिवार और कांग्रेस पार्टी ने उनके नाम पर सहमति जताई। परिजनों के अनुसार, संतोष ने पहले राजनीति में आने की योजना नहीं बनाई थी, लेकिन परिस्थितियों ने उन्हें चुनाव मैदान में पहुंचाया और अब वे जिले की पंचायतीराज व्यवस्था का नेतृत्व करेंगी।
12वीं तक की पढ़ाई, ताऊ ने लिया गोद
संतोष कुमारी ने पोकरण से 12वीं कक्षा तक पढ़ाई की है। उनके पिता चौथाराम ग्राम सेवक हैं, जबकि उनके ताऊ फकीराराम ने उन्हें गोद लिया है। इसी वजह से सरकारी दस्तावेजों में उनके पिता का नाम फकीराराम दर्ज है।
हर गांव और ढाणी का विकास प्राथमिकता
जिला प्रमुख निर्वाचित होने के बाद संतोष कुमारी ने कहा कि यदि पहले चरण में चुनाव होते तो उम्र पूरी नहीं होने के कारण वे चुनाव लड़ने के योग्य नहीं होतीं, लेकिन चौथे चरण में चुनाव होने से उन्हें मौका मिला।
उन्होंने कहा कि जैसलमेर के हर गांव और ढाणी में समान रूप से विकास करवाना उनका मुख्य उद्देश्य रहेगा। सभी क्षेत्रों के प्रति समान दृष्टिकोण रखते हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
21 साल की उम्र में जिले की जिम्मेदारी संभालने वाली संतोष कुमारी का निर्वाचन राजस्थान की पंचायतीराज राजनीति में युवा नेतृत्व की नई मिसाल बनकर सामने आया है।



