📅

हर खबर, सबसे पहले • आस्था • परंपरा • संस्कृति • आपकी खबर

ब्रेकिंग

,

भीलवाड़ा में फिर पालना गृह में मिली नवजात बच्ची, महज 1.09 किलो वजन; NICU में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही मासूम

WhatsAppFacebookXTelegram

भीलवाड़ा। महात्मा गांधी चिकित्सालय की मातृ एवं शिशु यूनिट में एक बार फिर मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। जन्म के महज एक दिन बाद ही एक नवजात बच्ची को अस्पताल के पालना गृह में छोड़ दिया गया। महज 1.09 किलो वजन और बेहद कमजोर शरीर वाली इस मासूम की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे सांस लेने में भी परेशानी हो रही है। चिकित्सकों की टीम NICU में लगातार उसकी निगरानी कर उपचार में जुटी है।

रात 1:10 बजे पालना गृह में बजा अलार्म

अस्पताल चौकी पर तैनात राजेशकुमार मीणा के अनुसार, बीती रात करीब 1:10 बजे मातृ एवं शिशु चिकित्सालय परिसर में लगे पालना गृह में किसी अज्ञात व्यक्ति ने एक दिन की नवजात बच्ची को छोड़ दिया। बच्ची को पालने में रखते ही शिशु वार्ड में अलार्म बज उठा। आवाज सुनकर चिकित्साकर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे, जहां उन्हें पालने में बिलखती हुई मासूम मिली।

इसके बाद बच्ची को बिना देरी किए एनआईसीयू में भर्ती कराया गया। चिकित्सकीय जांच में उसका वजन महज 1.09 किलो पाया गया। शारीरिक रूप से बेहद कमजोर होने के साथ उसे सांस लेने में भी दिक्कत हो रही है। डॉक्टरों की टीम उसकी जान बचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

बाल कल्याण समिति को दी सूचना

जन्म के अगले ही दिन परिवार से अलग हुई इस बच्ची का फिलहाल अस्पताल में उपचार जारी है। किन परिस्थितियों में उसे पालना गृह में छोड़ा गया, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। अस्पताल प्रबंधन की ओर से मामले की सूचना बाल कल्याण समिति को दे दी गई है। अब बच्ची के उपचार के साथ उसकी देखभाल, सुरक्षा और भविष्य को लेकर भी संबंधित विभागों की जिम्मेदारी बढ़ गई है।

कुछ दिन पहले ‘सोम’ ने उपचार के दौरान तोड़ा था दम

पालना गृह में मिली इस बच्ची की नाजुक हालत ने कुछ दिन पहले सामने आए एक अन्य मामले की यादें भी ताजा कर दी हैं। सोमवार को पालना गृह में मिले नवजात बालक को बाल कल्याण समिति ने ‘सोम’ नाम दिया था। हालांकि, चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी।

अब एक बार फिर उसी पालना गृह में मिली नन्ही बच्ची जिंदगी की जंग लड़ रही है। अस्पताल के चिकित्सक उसे बचाने में जुटे हैं। हर कोई यही उम्मीद कर रहा है कि मासूम इस मुश्किल दौर से उबरकर स्वस्थ जीवन की ओर कदम बढ़ाए और उसे सुरक्षित भविष्य मिल सके।

भीलवाड़ा की हर खबर सबसे पहले पाने के लिए हमसे जुड़ें

या ईमेल पर पाएं ताज़ा खबरें: