
जालखेड़ा चौराहे के पास हुआ हादसा, सड़क पर बिखरे डीएपी खाद के कट्टे; दो दमकलों ने आधे घंटे की मशक्कत से बुझाई आग, केबिन जलकर राख
गुलाबपुरा। भीलवाड़ा-अजमेर नेशनल हाईवे पर शनिवार देर शाम डीएपी खाद से भरा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के तुरंत बाद ट्रेलर में आग लग गई और देखते ही देखते पूरा केबिन लपटों से घिर गया। सड़क पर खाद के कट्टे बिखरने और ट्रेलर में आग लगने से हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के चलते भीलवाड़ा की तरफ करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया। गनीमत रही कि इस घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है।

पलटते ही लगी आग, सड़क पर बिखरे खाद के कट्टे
प्रत्यक्षदर्शी सांवरलाल वैष्णव के मुताबिक, डीएपी खाद से भरा ट्रेलर भीलवाड़ा से अजमेर की ओर जा रहा था। जालखेड़ा चौराहे के नजदीक अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रेलर सड़क पर पलट गया। पलटते ही उसमें आग लग गई। ट्रेलर में भरे खाद के कई कट्टे सड़क पर बिखर गए, जबकि बाकी कट्टे आग की चपेट में आ गए।
हादसे के बाद एक प्रत्यक्षदर्शी ने हिम्मत दिखाते हुए ट्रेलर के केबिन में जाकर देखा, लेकिन वहां चालक नहीं मिला। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

आग देखकर थम गए वाहनों के पहिए
हाईवे पर ट्रेलर को आग की लपटों में घिरा देखकर वाहन चालकों ने दुर्घटनास्थल से पहले ही अपने वाहन रोक दिए। कुछ ही देर में हाईवे के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। भीलवाड़ा की ओर करीब दो किलोमीटर तक जाम पहुंच गया। इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
दो दमकलों ने आधे घंटे में पाया आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने गुलाबपुरा पुलिस और दमकल विभाग को जानकारी दी। गुलाबपुरा थाने से दीवान सुभाष चंद्र, कांस्टेबल सुनील और संदीप मौके पर पहुंचे। वहीं सुधिवा स्पीनर्स और मयूर मिल की दो दमकलें भी घटनास्थल पर पहुंचीं।
दमकलकर्मियों ने करीब आधे घंटे तक प्रयास कर आग पर काबू पाया। इसके बाद पुलिस ने जेसीबी की मदद से सड़क पर बिखरे खाद के कट्टों को हटवाया और हाईवे की दो लेन पर यातायात बहाल करवाया। क्षतिग्रस्त ट्रेलर को भी सड़क से हटवाया गया।
केबिन जलकर राख, चालक की तलाश
आग इतनी भीषण थी कि ट्रेलर का केबिन पूरी तरह जलकर राख हो गया। पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
भीषण आगजनी और हाईवे पर मची अफरा-तफरी के बीच राहत की बात यह रही कि किसी की जान नहीं गई।



