📅

हर खबर, सबसे पहले • आस्था • परंपरा • संस्कृति • आपकी खबर

, ,

चारभुजा मंदिर के सामने 13 वर्षीय बच्चे से मारपीट, चाकू से हमले का प्रयास; फोन पर दी हत्या की धमकी

WhatsAppFacebookXTelegram

बाइक से टक्कर मारकर गिराया, फिर कई युवकों ने घेरकर की मारपीट; नाना की रिपोर्ट पर कोतवाली पुलिस ने दर्ज किया मामला

भीलवाड़ा | भीलवाड़ा लाइव अपडेट

शहर में आपराधिक गतिविधियों का एक चिंताजनक मामला सामने आया है। चारभुजा मंदिर के सामने दोस्तों का इंतजार कर रहे 13 वर्षीय नाबालिग के साथ कुछ युवकों ने कथित तौर पर मारपीट की और चाकू से हमला करने का प्रयास किया। आरोप है कि बाइक सवार दो युवकों ने पहले बच्चे को टक्कर मारकर नीचे गिराया और फिर गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। बाद में कुछ अन्य युवक भी मौके पर पहुंच गए। घटना के बाद नाबालिग को फोन पर जान से मारने की धमकी दिए जाने का भी आरोप है।

बाइक से टक्कर मारकर शुरू की मारपीट

कोतवाली थाने में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार घटना 15 नवंबर 2026 की रात करीब 8:30 बजे की है। शिवाजीनगर निवासी एक व्यक्ति का 13 वर्षीय दोहिता अपने दोस्तों के साथ खेलने के लिए चारभुजा मंदिर के सामने उनका इंतजार कर रहा था। इसी दौरान बाइक सवार किशन गुर्जर और रितिक भांबी वहां पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने बच्चे के पैरों पर बाइक चढ़ाकर उसे गिरा दिया। इसके बाद गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की।

चाकू से हमला करने की कोशिश, मंदिर में भागकर बचाई जान

रिपोर्ट में बताया गया कि मारपीट के दौरान समीर और विशाल लुहार सहित तीन-चार अन्य युवक भी वहां पहुंच गए। आरोप है कि युवकों ने बच्चे पर चाकू से हमला करने का प्रयास किया, लेकिन धक्का-मुक्की के दौरान चाकू नीचे गिर गया और बच्चा उसकी चपेट में आने से बच गया।

इसके बाद नाबालिग किसी तरह भागकर चारभुजा मंदिर पहुंचा। आरोप है कि हमलावर वहां भी चाकू लेकर पहुंच गए और उसे मारने की कोशिश की। बच्चे ने फोन कर परिजनों को सूचना दी। परिजनों के पहुंचने तक आरोपी उसे जान से मारने की धमकियां देते रहे।

नाना की रिपोर्ट पर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

घटना को लेकर नाबालिग के नाना मांगीलाल शर्मा ने कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दी। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 126(2) और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया है। प्रकरण की जांच एएसआई कैलाशचंद को सौंपी गई है।

नाबालिग की सुरक्षा को लेकर उठे सवाल

शहर के बीचोंबीच मंदिर के सामने एक 13 वर्षीय बच्चे के साथ मारपीट और चाकू से हमले के प्रयास के आरोप ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। अब पुलिस जांच में हमले के पीछे की वजह, नामजद युवकों की भूमिका और अन्य शामिल युवकों के बारे में स्थिति स्पष्ट होगी।

भीलवाड़ा की हर खबर सबसे पहले पाने के लिए हमसे जुड़ें

या ईमेल पर पाएं ताज़ा खबरें: