
कोटड़ी | भीलवाड़ा लाइव अपडेट
धर्मनगरी कोटड़ी में ऐतिहासिक चातुर्मास 2026 के अवसर पर जैन समाज के लिए 18 नवंबर का दिन विशेष धार्मिक उत्साह लेकर आएगा। मनोज्ञाचार्य श्री 108 पुलकसागर जी महाराज ससंघ का बुधवार को प्रातः 8:15 बजे कोटड़ी में भव्य मंगल प्रवेश होगा। संत संघ के आगमन को लेकर जैन समाज सहित श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है। नगर में संतों के स्वागत और अभिनंदन की तैयारियां की जा रही हैं।
आयोजन समिति से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गणाचार्य श्री 108 पुष्पदंत सागर जी महाराज के परम प्रभावक शिष्य मनोज्ञाचार्य श्री 108 पुलकसागर जी महाराज का संघ सहित विहार कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। संतों का मंगल विहार 15 नवंबर से शुरू होकर 18 नवंबर को कोटड़ी में मंगल प्रवेश के साथ संपन्न होगा।
ऐसा रहेगा मंगल विहार का कार्यक्रम
- 15 नवंबर, रविवार: दोपहर 3 बजे सूर्य महल, शास्त्रीनगर से यश विहार, तिलकनगर तक विहार।
- 16 नवंबर, सोमवार: सुबह 7 बजे यश विहार से कोटड़ी मार्ग स्थित दिनेश जी गोधा के फार्म हाउस तक विहार। यहां आहार चर्चा एवं रात्रि विश्राम होगा।
- 17 नवंबर, मंगलवार: सुबह 7 बजे दिनेश जी गोधा के फार्म हाउस से भगवान दास जी के फार्म हाउस, सातोला का खेड़ा मेन रोड तक विहार। यहां आहार चर्चा होगी।
- 17 नवंबर, मंगलवार: शाम 4 बजे सातोला का खेड़ा से विवेकानंद मॉडल स्कूल तक विहार एवं रात्रि विश्राम।
- 18 नवंबर, बुधवार: सुबह 7 बजे विहार के बाद प्रातः 8:15 बजे कोटड़ी में भव्य मंगल प्रवेश।
नवनिर्वाचित सरपंच नरपत सिंह शक्तावत व टीम करेगी स्वागत
मनोज्ञाचार्य श्री 108 पुलकसागर जी महाराज ससंघ के कोटड़ी में मंगल प्रवेश पर नवनिर्वाचित सरपंच नरपत सिंह शक्तावत अपनी टीम के साथ संतों का स्वागत एवं सम्मान करेंगे। इस अवसर पर समस्त वार्ड पंच भी उपस्थित रहकर संत संघ का अभिनंदन करेंगे तथा महाराज श्री से आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।
धर्मनगरी में श्रद्धालुओं से मंगल प्रवेश में शामिल होने की अपील
श्री शीतलनाथ दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र समिति, कोटड़ी के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में समस्त धर्मप्रेमी बंधुओं एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर संतों के मंगल प्रवेश में सहभागी बनने, स्वागत-अभिनंदन करने और धर्मलाभ प्राप्त करने की अपील की गई है।
संतों के आगमन से धर्मनगरी कोटड़ी का वातावरण भक्तिमय होने की उम्मीद है।



