📅

हर खबर, सबसे पहले • आस्था • परंपरा • संस्कृति • आपकी खबर

,

सुखाड़िया सर्किल पर युवक के दोनों पैरों में किए 5 फ्रैक्चर, हमले की साजिश रचने वाला सोनू गिरफ्तार

WhatsAppFacebookXTelegram

लोहे के सरियों और पाइपों से किया था जानलेवा हमला, छेड़छाड़ के विवाद में रची गई थी साजिश; आरोपी वारदात के समय खुद भी था मौजूद

भीलवाड़ा | भीलवाड़ा लाइव अपडेट

शहर के सुखाड़िया सर्किल के पास स्कूटी सवार युवक पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने अहम खुलासा किया है। 45 वर्षीय युवक को लोहे के सरियों और पाइपों से बेरहमी से पीटकर दोनों पैरों में पांच फ्रैक्चर करने की वारदात के पीछे छेड़छाड़ से जुड़ा विवाद सामने आया है। पुलिस ने हमले की साजिश रचने के आरोप में सोनू उर्फ राकेश धोबी (36) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी वारदात के दौरान मौके पर भी मौजूद था। उसकी निशानदेही पर हमले में इस्तेमाल किया गया स्कूटर भी जब्त किया गया है।

दोस्त के घर से लौट रहे युवक को रास्ते में घेरा

सदर थाना के सहायक उप निरीक्षक साबिर मोहम्मद के अनुसार घटना 2 अक्टूबर 2026 की रात करीब 9 बजे सुखाड़िया सर्किल के पास ब्यावर बुकिंग के सामने हुई थी। विपिन कुमार (45) अपने दोस्त के घर से स्कूटी पर सवार होकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उन्हें रास्ते में घेर लिया और लोहे के सरियों व पाइपों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में विपिन के दोनों पैरों में पांच फ्रैक्चर हो गए। गंभीर चोटें आने पर उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाना पड़ा।

छेड़छाड़ के विवाद में हमले की साजिश का खुलासा

पीड़ित पक्ष की रिपोर्ट पर सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। अनुसंधान के दौरान पुलिस ने धीरेंद्र और करण सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की। पुलिस जांच में सामने आया कि सुखाड़िया नगर निवासी सोनू उर्फ राकेश (36) पुत्र भगवान धोबी ने छेड़छाड़ से जुड़े विवाद के चलते विपिन पर हमला करवाने की साजिश रची थी।

साजिशकर्ता खुद भी था मौके पर, स्कूटर जब्त

पुलिस ने तलाश के बाद सोनू को गिरफ्तार कर लिया। जांच अधिकारी के मुताबिक, आरोपी केवल हमले की योजना बनाने तक सीमित नहीं था, बल्कि वारदात के समय खुद भी घटनास्थल पर मौजूद था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया स्कूटर भी जब्त किया है।

जेल भेजा गया आरोपी

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने सोनू को न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजने के आदेश दिए गए। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

भीलवाड़ा की हर खबर सबसे पहले पाने के लिए हमसे जुड़ें

या ईमेल पर पाएं ताज़ा खबरें: