📅

हर खबर, सबसे पहले • आस्था • परंपरा • संस्कृति • आपकी खबर

, ,

शादी से इनकार पर घर छोड़ गई नाबालिग, सांवरिया सेठ के दर्शन कर लौटी; 27 वर्षीय युवती प्रेमी संग पहुंची पुलिस के पास

WhatsAppFacebookXTelegram

सदर थाना क्षेत्र के दोनों मामलों में अलग-अलग वजह आई सामने, बालिग युवती ने प्रेमी से शादी करने की जताई इच्छा; कोतवाली क्षेत्र से लापता युवक-छात्रा की तलाश जारी

भीलवाड़ा | भीलवाड़ा लाइव अपडेट

भीलवाड़ा में लापता होने के दो मामलों में पुलिस के सामने अलग-अलग वजह सामने आई हैं। सदर थाना क्षेत्र से पांच दिन पहले लापता हुई नाबालिग खुद घर लौट आई। उसने पुलिस को बताया कि परिवार वाले उसकी शादी करना चाहते थे, लेकिन वह इसके लिए तैयार नहीं थी। इसी नाराजगी में वह घर छोड़कर सांवरिया सेठ के दर्शन करने चली गई थी। वहीं, करीब 15 दिन से लापता 27 वर्षीय युवती अपने प्रेमी के साथ पुलिस अधीक्षक के सामने पेश हुई और उसके साथ ही शादी कर जीवन बिताने की इच्छा जताई। युवती के बालिग होने और अपनी इच्छा स्पष्ट करने पर पुलिस ने उसे स्वतंत्र कर दिया।

शादी की बात से नाराज होकर घर से निकली नाबालिग

सदर थाना क्षेत्र से लापता हुई नाबालिग के परिजनों ने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। इसी बीच पांच दिन बाद नाबालिग खुद घर लौट आई। पुलिस के समक्ष दिए बयान में उसने बताया कि परिवार के लोग उसकी शादी करना चाहते थे, जबकि वह शादी के लिए तैयार नहीं थी। इसी बात से नाराज होकर वह घर से निकल गई और सांवरिया सेठ के दर्शन करने पहुंच गई।

पुलिस ने नाबालिग के बयान दर्ज करने और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

15 दिन बाद प्रेमी के साथ पहुंची युवती, साथ रहने की जताई इच्छा

दूसरा मामला 27 वर्षीय युवती के लापता होने का है। करीब 15 दिन पहले सदर थाना क्षेत्र से लापता हुई युवती अपने प्रेमी विजय उर्फ राहुल के साथ पुलिस अधीक्षक के समक्ष पेश हुई।

युवती ने पुलिस को बताया कि वह बालिग है और अपने जीवन से जुड़े फैसले लेने के लिए स्वतंत्र है। उसके अनुसार ननिहाल के गांव में रहने वाले विजय उर्फ राहुल से पिछले 5 से 7 वर्षों से प्रेम संबंध हैं। परिवार के लोग उसकी शादी दूसरी जगह करना चाहते थे, लेकिन वह विजय से शादी कर उसके साथ जीवन बिताना चाहती है। युवती के बयान के बाद पुलिस ने उसे अपनी इच्छा के अनुसार जाने की स्वतंत्रता दे दी। इसके बाद वह प्रेमी के साथ चली गई।

कोतवाली क्षेत्र से लापता युवक-छात्रा का सुराग नहीं

इधर, कोतवाली थाना क्षेत्र से मंगलवार को लापता हुए भोपालपुरा रोड निवासी युवक और कॉलेज छात्रा का दूसरे दिन भी कोई पता नहीं चल पाया। युवक घर से आरजिया स्थित दुकान पर काम करने के लिए निकला था, जबकि छात्रा कॉलेज जाने की बात कहकर घर से निकली थी।

बाद में युवक का स्कूटर रेलवे स्टेशन और छात्रा का स्कूटर कॉलेज परिसर में मिला। दोनों के अचानक लापता होने से परिजन चिंतित हैं। पुलिस दोनों की तलाश में जुटी हुई है।

भीलवाड़ा की हर खबर सबसे पहले पाने के लिए हमसे जुड़ें

या ईमेल पर पाएं ताज़ा खबरें: