पुराने कंवलियास टोल के पास हादसा, लघुशंका के लिए वाहन से उतरे थे तीनों; भतीजे की रिपोर्ट पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज
भीलवाड़ा | भीलवाड़ा लाइव अपडेट
गुलाबपुरा थाना क्षेत्र में पुराने कंवलियास टोल के पास मंगलवार शाम तेज रफ्तार कार की टक्कर से सड़क किनारे खड़े तीन लोग घायल हो गए। हादसे में गंभीर रूप से घायल 49 वर्षीय महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि उनका बेटा और एक अन्य महिला घायल हो गए। हादसे के बाद परिवार में शोक छा गया।
जानकारी के अनुसार, 17 नवंबर की शाम करीब 7 से 8 बजे विजयपुर निवासी लाली जाट (49) पत्नी रामलाल जाट अपने बेटे देवराज (19) और गायत्री (32) पत्नी पारसमल के साथ गरोलियाखेड़ा से गांव लौट रही थीं। पुराने कंवलियास टोल के पास तीनों ने लघुशंका के लिए अपना वाहन सड़क किनारे रोका और नीचे उतरकर खड़े हो गए।
इसी दौरान गुलाबपुरा की ओर से तेज गति से आई कार ने तीनों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों घायल हो गए। हादसे में पास खड़ी एक मोटरसाइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई।
गंभीर घायल महिला को अस्पताल में मृत घोषित किया
हादसे के बाद परिजन और स्थानीय लोग घायलों को निजी वाहन से भीलवाड़ा के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। लाली जाट की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें महात्मा गांधी अस्पताल रेफर किया गया, जहां इमरजेंसी वार्ड में चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। उनका शव अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। वहीं, घायल देवराज और गायत्री को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
भतीजे की रिपोर्ट पर पुलिस ने दर्ज किया मामला
गुलाबपुरा पुलिस के अनुसार, मृतका के भतीजे पारसमल जाट निवासी विजयपुर की रिपोर्ट पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में प्रकरण दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।


