
1265 मतों के बड़े अंतर से दर्ज की थी जीत, परिवार और ग्रामीणों के साथ पदयात्रा कर पहुंचीं मंदिर
चित्तौड़गढ़ | भीलवाड़ा लाइव अपडेट
चित्तौड़गढ़ जिले की पंचायत समिति क्षेत्र की रोलाहेड़ा ग्राम पंचायत में सरपंच पद पर जीत हासिल करने के बाद 55 वर्षीय रतनी देवी जाट ने अपनी मन्नत पूरी की। चुनाव में मिली सफलता के बाद रतनी देवी ने परिवार और ग्रामीणों के साथ पदयात्रा कर प्रसिद्ध सांवलिया सेठ मंदिर पहुंचकर भगवान को चांदी का कटहल अर्पित किया।
दरअसल, सरपंच चुनाव से पहले रतनी देवी के परिवार ने मन्नत मांगी थी कि यदि चुनाव में जीत मिलती है तो उन्हें आवंटित चुनाव चिह्न कटहल का चांदी से बना प्रतिरूप सांवलिया सेठ के दरबार में अर्पित किया जाएगा। चुनाव में कटहल चुनाव चिह्न मिलने और जीत हासिल होने के बाद परिवार ने चांदी का कटहल तैयार करवाया और मंदिर में भेंट किया।
1265 मतों से हासिल की शानदार जीत
रोलाहेड़ा ग्राम पंचायत में 5 नवंबर को तीसरे चरण में मतदान हुआ था। मतगणना में रतनी देवी जाट को 1521 मत मिले, जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी सत्तू जाट को 256 मत प्राप्त हुए। इस तरह रतनी देवी ने 1265 मतों के बड़े अंतर से जीत दर्ज कर सरपंच पद हासिल किया।
ग्राम पंचायत में सरपंच पद ओबीसी महिला वर्ग के लिए आरक्षित होने के बाद परिवार ने रतनी देवी को चुनाव मैदान में उतारने का निर्णय लिया था।
परिवार में पहली बार किसी ने लड़ा चुनाव
रतनी देवी के बेटे किशन जाट के अनुसार, उनके परिवार में इससे पहले किसी ने सरपंच पद का चुनाव नहीं लड़ा था। उनकी मां लंबे समय से सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रही हैं और ग्रामीण भी उनके कार्यों से परिचित हैं। गांव के लोगों के समर्थन और परिवार के फैसले के बाद उन्होंने चुनाव लड़ने का निर्णय लिया।
जीत के बाद परिवार ने सबसे पहले सांवलिया सेठ के दरबार में पहुंचकर मन्नत पूरी करने का संकल्प निभाया। चांदी का कटहल अर्पित कर रतनी देवी और उनके परिवार ने भगवान के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।



