📅

हर खबर, सबसे पहले • आस्था • परंपरा • संस्कृति • आपकी खबर

, ,

चने के भूसे और पाउडर से बना रहे थे ब्रांडेड दवाएं, STF की छापेमारी में तीन गिरफ्तार

WhatsAppFacebookXTelegram

नालागढ़ में नकली दवा फैक्ट्री का भंडाफोड़, नामी कंपनियों के रैपर और पैकिंग मशीनें भी बरामद

नालागढ़ (सोलन)। हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र नालागढ़ में नकली दवाओं के कारोबार का बड़ा खुलासा हुआ है। यहां चने के भूसे और पाउडर जैसी सामग्री से नामी दवा कंपनियों के ब्रांड की नकल कर नकली दवाएं तैयार की जा रही थीं। इन दवाओं को असली कंपनियों की पैकेजिंग में बाजार तक पहुंचाने की तैयारी थी। उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने छापेमारी कर अवैध दवा निर्माण इकाई का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, वाराणसी में नकली दवाओं की खेप पकड़े जाने के बाद यूपी एसटीएफ ने जांच आगे बढ़ाई। इसी कड़ी में टीम ने नालागढ़ के राजपुरा खेड़ा बाईपास स्थित एक अवैध दवा निर्माण इकाई पर कार्रवाई की। मौके से हसीन, वसीम और मुन्ना उर्फ मोनू कुमार को गिरफ्तार किया गया।

नामी कंपनियों की दवाओं की नकल

जांच में सामने आया कि इकाई में बाजार में अधिक मांग वाली कई ब्रांडेड दवाओं की नकल तैयार की जा रही थी। एफएसडीए आयुक्त डॉ. रोशन जैकब के अनुसार, यहां एंटीबायोटिक, तंत्रिका तंत्र से जुड़ी बीमारियों और गैस की समस्या में इस्तेमाल होने वाली दवाओं के नकली संस्करण बनाए जा रहे थे।

बरामद दवाओं और सामग्री में पैन-डी, प्रेसिज-300, सी-एजेड, ए-सिपेक्स-625 और न्यूरो-300 के नाम प्रमुख रूप से सामने आए हैं। इनके अलावा जीरोडोल एसपी, मांटिना एल, रेबिसेक एलएस, क्लैवम 625, शेलकल 500 और टैक्सिम ओ 200 से संबंधित सामग्री भी मिली है।

फैक्ट्री में पैकिंग से लेकर छपाई तक की व्यवस्था

छापेमारी के दौरान एसटीएफ को ब्लिस्टर पैकिंग मशीन, एल्यूमिनियम-एल्यूमिनियम पैकिंग मशीन, कैप्सूल भरने की मशीन और वजन मापने के उपकरण मिले। इसके साथ ही ब्रांडेड दवाओं के नाम छापने के लिए तैयार फॉइल और स्टीरियो प्रिंटिंग उपकरण भी बरामद किए गए।

बरामदगी से संकेत मिलता है कि इकाई में नकली दवाओं के निर्माण के साथ उनकी पैकिंग और नामी कंपनियों के ब्रांड के रूप में बाजार में उतारने की भी पूरी तैयारी थी। फिलहाल बरामद दवाओं की गुणवत्ता और प्रामाणिकता की जांच की जा रही है। मामले में आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी है।

भीलवाड़ा की हर खबर सबसे पहले पाने के लिए हमसे जुड़ें

या ईमेल पर पाएं ताज़ा खबरें: