📅

हर खबर, सबसे पहले • आस्था • परंपरा • संस्कृति • आपकी खबर

,

डंपर की टक्कर से RAC जवान की दर्दनाक मौत, सिर फटने से मौके पर तोड़ा दम; छुट्टी के बाद दिल्ली ड्यूटी पर लौटना था

WhatsAppFacebookXTelegram

झुंझुनूं। खेतड़ी-सिंघाना स्टेट हाईवे पर गुरुवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार राजस्थान सशस्त्र बल (RAC) के जवान की मौत हो गई। भरगड़ान की ढाणी के पास सामने से आ रहे ओवरलोड डंपर ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार जवान उछलकर सड़क पर गिर पड़े। सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में मोटरसाइकिल डंपर के अगले हिस्से में जा घुसी।

मृतक की पहचान चिरानी निवासी शीशराम गुर्जर (52) के रूप में हुई है। वे RAC की 12वीं बटालियन में तैनात थे और उनकी पोस्टिंग दिल्ली में थी। परिजनों के अनुसार, शीशराम छुट्टियों के दौरान गांव आए हुए थे। गुरुवार को उन्हें वापस दिल्ली पहुंचकर ड्यूटी जॉइन करनी थी। इससे पहले वे भरगड़ान की ढाणी में एक रिश्तेदार से मिलने गए थे। वहां से गांव लौटते समय टीवीएस एजेंसी के पास हादसा हो गया।

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर खेतड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त डंपर को जब्त कर लिया। पुलिस डंपर चालक की तलाश कर रही है। वहीं, जवान के शव को खेतड़ी के राजकीय अजीत उप जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया।

तीन बच्चों के पिता थे शीशराम

शीशराम गुर्जर के परिवार में एक बेटी और दो बेटे संदीप व प्रवीण हैं। बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि दोनों बेटे अभी पढ़ाई कर रहे हैं। जवान की अचानक मौत की खबर से परिवार में शोक छा गया।

ओवरलोड डंपरों की आवाजाही पर ग्रामीणों में नाराजगी

हादसे के बाद क्षेत्र में ओवरलोड डंपरों के संचालन को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि खेतड़ी-सिंघाना स्टेट हाईवे पर भारी और ओवरलोड वाहनों की आवाजाही लगातार बनी रहती है। इससे दोपहिया वाहन चालकों को सड़क पर आवागमन के दौरान परेशानी होती है और हादसों का खतरा भी बढ़ता है। ग्रामीणों ने ऐसे वाहनों की आवाजाही पर प्रभावी नियंत्रण की मांग उठाई है।

भीलवाड़ा की हर खबर सबसे पहले पाने के लिए हमसे जुड़ें

या ईमेल पर पाएं ताज़ा खबरें: