राजस्थान में एसओजी की बड़ी कार्रवाई, ताइक्वांडो के फर्जी सर्टिफिकेट बनवाने के लिए गिरोह को दिए थे 10 से 15 लाख रुपए
जयपुर। राजस्थान में खेल प्रमाणपत्रों के फर्जीवाड़े के जरिए सरकारी नौकरी हासिल करने के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने कार्रवाई करते हुए अब तक 35 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें 28 तृतीय श्रेणी शिक्षक और शारीरिक शिक्षक शामिल हैं। वहीं, फर्जी प्रमाणपत्रों के आधार पर चयनित 28 शारीरिक शिक्षकों को सरकार नौकरी से बर्खास्त कर चुकी है।
मामले में लंबे समय से फरार चल रही महिला सुनीता ने बुधवार को आत्मसमर्पण कर दिया। एसओजी अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
10 से 15 लाख रुपए देकर बनवाए फर्जी प्रमाणपत्र
जांच में सामने आया कि सरकारी नौकरी पाने के इच्छुक अभ्यर्थियों ने हरियाणा और झारखंड से जुड़े गिरोह के माध्यम से फर्जी ताइक्वांडो प्रमाणपत्र तैयार करवाए थे। इसके लिए कथित तौर पर 10 से 15 लाख रुपए तक का भुगतान किया गया। इन प्रमाणपत्रों का इस्तेमाल वर्ष 2022 में शिक्षा विभाग की भर्ती के दौरान उत्कृष्ट खिलाड़ी कोटे के तहत चयन हासिल करने के लिए किया गया था।
38 अन्य शिक्षकों के दस्तावेजों की जांच
एसओजी के अनुसार, इस मामले में करीब 38 अन्य शारीरिक शिक्षक भी जांच के दायरे में हैं। उनके प्रमाणपत्रों और भर्ती से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है। संदिग्धों से पूछताछ भी जारी है।
एसओजी के अतिरिक्त महानिदेशक विशाल बंसल ने बताया कि मामले में प्रदेश के करीब डेढ़ दर्जन जिलों से गिरफ्तारियां की गई हैं। जांच के दौरान फर्जी प्रमाणपत्र तैयार करने और उनके आधार पर नौकरी हासिल करने वाले नेटवर्क की कड़ियां खंगाली जा रही हैं।
उत्कृष्ट खिलाड़ियों को मिलता है 2 प्रतिशत आरक्षण
राजस्थान में सरकारी नौकरियों की सीधी भर्ती में उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए 2 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान है। इसी कोटे का लाभ लेने के लिए फर्जी खेल प्रमाणपत्रों का इस्तेमाल किए जाने का मामला सामने आया है। एसओजी अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क के जरिए कितने अभ्यर्थियों ने नौकरी हासिल की और इसमें अन्य किन लोगों की भूमिका रही।


