📅

हर खबर, सबसे पहले • आस्था • परंपरा • संस्कृति • आपकी खबर

,

भीलवाड़ा में 20 नवंबर को खुलेगा ग्रामीण सत्ता का जनादेश, 333 जनप्रतिनिधियों के नतीजे होंगे घोषित

WhatsAppFacebookXTelegram

एक ही EVM से पहले जिला परिषद और फिर पंचायत समिति के वोटों की होगी गिनती, पॉलिटेक्निक कॉलेज में बनाए गए 16 काउंटिंग रूम; अधिकतम 20 राउंड में पूरी होगी मतगणना

भीलवाड़ा। पंचायतीराज चुनाव के बाद अब पूरे जिले की नजरें 20 नवंबर को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं। शुक्रवार को जिला परिषद की 45 सीटों और जिले की 16 पंचायत समितियों के 288 वार्डों के परिणाम घोषित किए जाएंगे। इस तरह कुल 333 जनप्रतिनिधियों के चुनावी नतीजे सामने आएंगे। मतगणना के साथ ही जिला प्रमुख, प्रधान और उपप्रधान पदों को लेकर राजनीतिक दलों की स्थिति भी स्पष्ट होने लगेगी।

इस बार मतगणना की प्रक्रिया में खास बात यह रहेगी कि एक ही EVM से दो स्तरों के चुनाव की गिनती की जाएगी। सबसे पहले जिला परिषद सदस्य के वोटों की गणना होगी। इसके बाद उसी EVM से पंचायत समिति सदस्य के मत गिने जाएंगे। यानी एक ही मशीन से जिला परिषद और पंचायत समिति दोनों का जनादेश सामने आएगा।

पॉलिटेक्निक कॉलेज में 16 काउंटिंग रूम, 20 राउंड तक चलेगी प्रक्रिया

मतगणना के लिए तिलक नगर स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज को केंद्र बनाया गया है। यहां कुल 16 मतगणना कक्ष निर्धारित किए गए हैं। जिले में पड़े कुल 9 लाख 7 हजार 87 मतों की गणना के लिए 1745 EVM के साथ अतिरिक्त मशीनों की व्यवस्था भी की गई है। प्रशासन की तैयारी के अनुसार मतगणना अधिकतम 20 राउंड में पूरी कराई जाएगी। अनुमान है कि दोपहर 2 बजे तक चुनाव परिणामों की तस्वीर काफी हद तक स्पष्ट हो जाएगी।

जिला प्रमुख और 16 प्रधानों के चुनाव का रास्ता होगा साफ

20 नवंबर को आने वाले परिणाम भाजपा और कांग्रेस सहित चुनाव मैदान में उतरे अन्य दलों और निर्दलीय प्रत्याशियों के लिए महत्वपूर्ण रहेंगे। जिला परिषद की 45 सीटों के परिणाम से जिला प्रमुख पद के चुनाव में सदस्यों की संख्या स्पष्ट होगी। वहीं 16 पंचायत समितियों के 288 वार्डों के नतीजों से अलग-अलग क्षेत्रों में प्रधान पद के लिए राजनीतिक समीकरण सामने आएंगे।

25 से 28 नवंबर तक होंगे प्रमुख और प्रधान के चुनाव

सदस्य पदों के परिणाम घोषित होने के बाद जिला प्रमुख, उप जिला प्रमुख, प्रधान और उपप्रधान के चुनाव की प्रक्रिया होगी।

  • 25 नवंबर: जिला प्रमुख का चुनाव।
  • 26 नवंबर: उप जिला प्रमुख का चुनाव।
  • 27 नवंबर: पंचायत समितियों में प्रधान का चुनाव।
  • 28 नवंबर: पंचायत समितियों में उपप्रधान का चुनाव।

ग्राउंड फ्लोर पर इन पंचायत समितियों की होगी मतगणना

पॉलिटेक्निक कॉलेज के ग्राउंड फ्लोर पर सात पंचायत समितियों की मतगणना के लिए कक्ष और टेबल निर्धारित किए गए हैं।

पंचायत समितिकक्ष संख्याटेबल
बिजौलिया1601 से 07
कोटड़ी3901 से 15
बनेड़ा3101 से 09
सुवाणा4201 से 15
शाहपुरा2301 से 07
आसीन्द1001 से 08
शम्भूगढ़2601 से 07

इन पंचायत समितियों में मतगणना की जिम्मेदारी संबंधित उपखंड अधिकारियों को दी गई है। शम्भूगढ़ की मतगणना के लिए उपखंड अधिकारी हमीरगढ़ को प्रभारी बनाया गया है।

फर्स्ट फ्लोर पर नौ पंचायत समितियों के वोट गिने जाएंगे

पॉलिटेक्निक कॉलेज के प्रथम तल पर नौ पंचायत समितियों के लिए मतगणना कक्ष और टेबल निर्धारित किए गए हैं।

पंचायत समितिकक्ष संख्याटेबल
जहाजपुर12901 से 10
खजूरी12701 से 08
मांडलगढ़11501 से 08
करेड़ा13601 से 08
मांडल14401 से 10
फुलियाकलां11801 से 07
रायपुर14001 से 08
सहाड़ा13201 से 10
हुरड़ा14601 से 08

इनमें जहाजपुर, मांडलगढ़, करेड़ा, मांडल, फुलियाकलां और रायपुर सहित संबंधित उपखंड अधिकारियों को मतगणना की जिम्मेदारी सौंपी गई है। खजूरी में सहायक कलक्टर जहाजपुर, सहाड़ा में उपखंड अधिकारी गंगापुर और हुरड़ा में उपखंड अधिकारी गुलाबपुरा मतगणना प्रभारी होंगे।

पांच टेबलों पर जिला परिषद के डाक मतपत्रों की गिनती

जिला परिषद सदस्य चुनाव के डाक मतपत्रों की गणना के लिए ग्राउंड फ्लोर पर कुल 33 मतगणना टेबल निर्धारित की गई हैं। इनमें पांच टेबलों पर 45 निर्वाचन क्षेत्रों के डाक मतपत्रों की गिनती कराई जाएगी।

  • टेबल नंबर 1: आयुक्त नगर निगम — निर्वाचन क्षेत्र संख्या 01 से 12 तक।
  • टेबल नंबर 2: विशिष्टाधिकारी नगर विकास न्यास — निर्वाचन क्षेत्र संख्या 13 से 27 तक।
  • टेबल नंबर 3: अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) — निर्वाचन क्षेत्र संख्या 28 से 36 तक।
  • टेबल नंबर 4: सहायक कलक्टर मांडल — निर्वाचन क्षेत्र संख्या 37 और 38।
  • टेबल नंबर 5: उप महानिरीक्षक, पंजीयन एवं मुद्रांक विभाग — निर्वाचन क्षेत्र संख्या 39 से 45 तक।

20 नवंबर को होने वाली मतगणना के साथ ही जिले की ग्रामीण राजनीति की नई तस्वीर सामने आएगी। किस दल को जिला परिषद और पंचायत समितियों में कितनी सीटें मिलती हैं, इसका फैसला आने के बाद 25 से 28 नवंबर तक होने वाले प्रमुख और प्रधान के चुनावों पर सभी की निगाहें रहेंगी।

रिपोर्ट: महेंद्र कुमार सोनी | भीलवाड़ा लाइव अपडेट

भीलवाड़ा की हर खबर सबसे पहले पाने के लिए हमसे जुड़ें

या ईमेल पर पाएं ताज़ा खबरें: