📅

हर खबर, सबसे पहले • आस्था • परंपरा • संस्कृति • आपकी खबर

, ,

मतदान कर गांव लौटे प्रवासी व्यवसायी की सड़क हादसे में मौत, बेंगलुरु की फ्लाइट से कुछ घंटे पहले टूटी जिंदगी की डोर

WhatsAppFacebookXTelegram

आसींद क्षेत्र में एनएच-148डी पर तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने बाइक को मारी टक्कर; दो मासूम बेटों के सिर से उठा पिता का साया, गढ़वाई और मादेड़ा में शोक

भीलवाड़ा। लोकतंत्र के महापर्व में मतदान करने और परिवार से मिलने की खुशी लेकर गांव आए एक प्रवासी व्यवसायी की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। आसींद क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-148डी पर खेजड़ी पुलिया के पास बुधवार देर रात तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार प्रभुनाथ योगी (43) की जान चली गई। गुरुवार को उनकी बेंगलुरु वापसी की फ्लाइट थी। हादसे के कुछ घंटे बाद उन्हें विमान से वापस लौटना था, लेकिन इससे पहले ही उनकी जिंदगी का सफर थम गया।

मतदान के लिए आए थे गांव, ससुराल में रुकने का था कार्यक्रम

जानकारी के अनुसार बदनोर थाना क्षेत्र के गढ़वाई निवासी प्रभुनाथ योगी पुत्र नैनूनाथ योगी बेंगलुरु में मार्बल और ग्रेनाइट का व्यवसाय करते थे। वे पंचायती राज चुनाव में मतदान करने और परिजनों से मिलने के लिए कुछ दिन पहले ही अपने पैतृक गांव आए थे। बुधवार शाम वे बाइक से अपने ससुराल मादेड़ा के लिए रवाना हुए थे। वहां रात्रि विश्राम करने के बाद गुरुवार को फ्लाइट से बेंगलुरु लौटने की उनकी योजना थी।

खेजड़ी पुलिया के पास कार ने मारी टक्कर

बुधवार देर रात जब प्रभुनाथ एनएच-148डी पर खेजड़ी चौराहे के निकट पुलिया के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल प्रभुनाथ को तत्काल गुलाबपुरा अस्पताल पहुंचाया। हालांकि चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

दो बेटों को छोड़ गए पीछे, गांव में शोक

शंभूगढ़ थाने के एएसआई सत्यनारायण के अनुसार मृतक के परिजन पूर्णनाथ की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। गुरुवार को पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

प्रभुनाथ अपने पीछे दो पुत्रों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। जिस परिवार में उनके बेंगलुरु लौटने की तैयारियां चल रही थीं, वहां हादसे की खबर पहुंचते ही मातम छा गया। उनकी असमय मौत से पैतृक गांव गढ़वाई और ससुराल मादेड़ा में शोक की लहर है।

भीलवाड़ा की हर खबर सबसे पहले पाने के लिए हमसे जुड़ें

या ईमेल पर पाएं ताज़ा खबरें: