
बनेड़ा के लापिया गांव की सरहद पर पुलिस और डीएसटी की संयुक्त कार्रवाई, हुंडई अल्काजार कार जब्त
भीलवाड़ा (बनेड़ा)। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बनेड़ा थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी खेप पकड़ी है। पुलिस ने लापिया गांव की सरहद पर एक हुंडई अल्काजार कार से 100.440 किलोग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा बरामद किया। मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त कार भी जब्त कर ली।
पुलिस के अनुसार, 18 नवंबर 2026 को डीएसटी प्रभारी हेड कांस्टेबल कालूराम धायल को सूचना मिली थी कि हुंडई अल्काजार कार (नंबर RJ 14 UH 1352) में मादक पदार्थ ले जाया जा रहा है। डीएसटी टीम कार का पीछा कर रही थी। इस पर बनेड़ा थानाधिकारी ओमप्रकाश कासनिया को सूचना देकर पुलिस और डीएसटी की संयुक्त टीम ने लापिया गांव की सरहद पर घेराबंदी की। पुलिस ने कार को रुकवाया तो उसमें सवार दो व्यक्ति मौके से भाग निकले, जबकि एक आरोपी को पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विक्रम कुमार सैनी (29) पुत्र पूरणमल सैनी, निवासी वार्ड नंबर 2, उदयपुरवाटी, जिला झुंझुनूं के रूप में हुई। पुलिस ने उसकी मौजूदगी में कार की तलाशी ली तो अंदर रखे पांच प्लास्टिक के कट्टों में 100.440 किलोग्राम अवैध अफीम डोडा पोस्त मिला। पुलिस ने मादक पदार्थ और कार जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
फरार आरोपियों की तलाश, तस्करी नेटवर्क की जांच
पुलिस फरार दोनों आरोपियों की तलाश में जुटी है। उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। साथ ही बरामद डोडा चूरा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किसे की जानी थी, इस संबंध में भी जांच की जा रही है।
अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (अपराध शाखा), जयपुर के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत एसपी सागर राणा के निर्देशन, एएसपी अंजुम कायल और शाहपुरा सीओ नानालाल साल्वी के सुपरविजन में की गई। कार्रवाई में बनेड़ा थानाधिकारी ओमप्रकाश कासनिया, डीएसटी प्रभारी कन्हैयालाल, हेड कांस्टेबल कालूराम धायल, हेड कांस्टेबल प्रमोद कुमार सहित डीएसटी और बनेड़ा थाना पुलिस के जवान शामिल रहे।



