📅

हर खबर, सबसे पहले • आस्था • परंपरा • संस्कृति • आपकी खबर

,

शोरूम से चोरी बोलेरो 1.90 लाख रुपए में बेची, डोडा-चूरा तस्करी में पकड़ी गई गाड़ी

WhatsAppFacebookXTelegram

नीमच से प्रोडक्शन वारंट पर दो आरोपी गिरफ्तार कर भीलवाड़ा लाई पुलिस, अदालत ने जेल भेजा; बोलेरो चुराने वाला मुख्य आरोपी फरार

भीलवाड़ा। अजमेर मार्ग स्थित महिंद्रा शोरूम के बाहर से चोरी हुई बोलेरो का सौदा महज 1 लाख 90 हजार रुपए में कर दिया गया। चोरी की इस गाड़ी को मध्यप्रदेश के नीमच जिले में डोडा-चूरा तस्करी के दौरान पकड़ा गया। मामले में चोरी की बोलेरो खरीदने वाले दो आरोपियों को सदर थाना पुलिस गिरफ्तार कर भीलवाड़ा लाई। अदालत में पेश करने के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया, जबकि वाहन चोरी करने वाला मुख्य आरोपी अभी पुलिस की पकड़ से बाहर है।

सर्विस के लिए शोरूम पर छोड़ी थी गाड़ी

सदर थाने के सहायक उप निरीक्षक शैतान सिंह मीणा के अनुसार, 3 सितंबर की रात अजमेर मार्ग स्थित महिंद्रा शोरूम के बाहर खड़ी बोलेरो चोरी हो गई थी। वाहन मालिक गाड़ी सर्विस के लिए शोरूम पर छोड़कर गया था। इसी दौरान रात में अज्ञात व्यक्ति बोलेरो लेकर फरार हो गया। वाहन मालिक की रिपोर्ट पर सदर थाने में चोरी का मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

141 किलो 800 ग्राम डोडा-चूरा के साथ मिली बोलेरो

चोरी की घटना के करीब दो सप्ताह बाद मध्यप्रदेश के नीमच जिले के रतनगढ़ थाना पुलिस ने इसी बोलेरो को 141 किलो 800 ग्राम डोडा-चूरा के साथ जब्त किया। जांच के दौरान वाहन चोरी का होने की पुष्टि हुई तो भीलवाड़ा पुलिस ने खरीद-फरोख्त से जुड़े लोगों की तलाश शुरू की।

बेगूं क्षेत्र में 1.90 लाख रुपए में खरीदी थी गाड़ी

मध्यप्रदेश पुलिस से मिली जानकारी के आधार पर सदर थाना पुलिस ने बोलेरो खरीदने वाले आरोपियों की पहचान की। इसके बाद प्रोडक्शन वारंट के जरिए नीमच जिले की जावद सब जेल से विष्णु धाकड़ (19) और योगेंद्र सिंह उर्फ जोनी राठौड़ (34) को गिरफ्तार कर भीलवाड़ा लाया गया।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों ने बबराणा क्षेत्र के एक व्यक्ति से बेगूं इलाके में चोरी की बोलेरो 1 लाख 90 हजार रुपए में खरीदी थी।

मुख्य आरोपी की तलाश जारी

पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेजने के आदेश दिए गए। वहीं, शोरूम के बाहर से बोलेरो चोरी करने वाला मुख्य आरोपी अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

भीलवाड़ा की हर खबर सबसे पहले पाने के लिए हमसे जुड़ें

या ईमेल पर पाएं ताज़ा खबरें: