📅

हर खबर, सबसे पहले • आस्था • परंपरा • संस्कृति • आपकी खबर

,

सीसीटीवी फुटेज ने बदली छात्र की मौत की कहानी, पूछताछ के बाद स्कूल प्रिंसिपल को छोड़ा, जांच जारी ।

WhatsAppFacebookXTelegram

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में 9 वर्षीय छात्र की ट्रेन की चपेट में आने से हुई मौत के मामले में नया मोड़ सामने आया है। स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही के आरोपों के बीच पुलिस जांच में सामने आए सीसीटीवी फुटेज से घटनाक्रम को लेकर नए सवाल खड़े हो गए हैं। फुटेज में छात्र स्कूल परिसर के अंदर प्रवेश करता दिखाई नहीं दिया। वहीं, पुलिस ने पूछताछ के बाद हिरासत में लिए गए स्कूल के प्रधानाचार्य आशीष रंजन को छोड़ दिया है।

मामला घूरपुर थाना क्षेत्र के इरादतगंज स्थित सेंट मेरीज कॉन्वेंट स्कूल का है। चक घनश्यामदास (करमा) निवासी मुस्तकीम आलम का 9 वर्षीय बेटा मोहम्मद यजदान स्कूल में कक्षा तीन का छात्र था। मंगलवार, 17 नवंबर की सुबह रेलवे ट्रैक पार करते समय खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए थे। उनका कहना था कि स्कूल पहुंचने में कुछ मिनट की देरी होने पर बच्चे को गेट से ही प्रवेश नहीं दिया गया और वापस लौटा दिया गया। इसके बाद घर लौटते समय वह ट्रेन हादसे का शिकार हो गया।

बच्चे की मौत से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने स्कूल परिसर में जमकर हंगामा किया। इस दौरान पथराव और तोड़फोड़ भी हुई। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल तैनात करना पड़ा।

सीसीटीवी फुटेज से जांच को मिली नई दिशा

पुलिस ने स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। इसमें छात्र स्कूल परिसर के अंदर जाता हुआ नजर नहीं आया। शुरुआती जांच में आशंका जताई गई कि बच्चा रेलवे ट्रैक के दूसरी तरफ ही रह गया था। फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने प्रधानाचार्य आशीष रंजन से लंबी पूछताछ की। इसके बाद उन्हें छोड़ दिया गया।

डीसीपी यमुनानगर मनीष कुमार शांडिल्य के अनुसार, मामले की जांच अभी जारी है। मृतक के पिता की ओर से लगाए गए आरोपों सहित सभी पहलुओं और उपलब्ध साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

फिलहाल, सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। हालांकि, छात्र को स्कूल में प्रवेश क्यों नहीं मिला और हादसे से पहले उसके साथ क्या घटनाक्रम हुआ, इन सवालों का जवाब पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

भीलवाड़ा लाइव अपडेट

भीलवाड़ा की हर खबर सबसे पहले पाने के लिए हमसे जुड़ें

या ईमेल पर पाएं ताज़ा खबरें: